logo

झारखंड में 7 डिग्री तक गिरा पारा, 7 जनवरी को इन जिलों में होगी बारिश

कदपीो22.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड में बदलते मौसम का असर दिखने लगा है। पिछले 24 घंटे में राज्य में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने राज्य के कुछ हिस्से में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश का अनुमान लगाया है। वहीं 12 जिलों में मौसम विज्ञान केंद्र ने वर्षा होने का पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के उत्तर पश्चिमी हिस्से यानी पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा में 4 जनवरी को जबकि 5 और 6 जनवरी को मध्य हिस्से यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, गुमला और खूंटी में  आंशिक बादल छाए रहेंगे और कहीं कहीं वर्षा होने की संभावना है। 7 जनवरी तक राज्य के कुछ जिलों में बारिश की संभावना है। 


कहां कितना तापमान रिकॉर्ड किया गया 
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है और वर्षा के बाद पूरे राज्य का तापमान गिरने और कनकनी बढ़ने के संकेत हैं। पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो पूरे राज्य का मौसम शुष्क रहा। वहीं राज्य के उत्तर पश्चिमी हिस्सों में कहीं कहीं कोहरा छाया रहा जबकि राजधानी रांची में आसमान साफ रहा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री चाईबासा का और सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस देवघर का रिकार्ड किया गया। राजधानी रांची का अधिकतम 22.5 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।


अधिकतम व न्यूनतम तापमान में कम फर्क
अभिषेक आनंद ने बताया कि 7 जनवरी तक राज्य के कुछ जिलों में बारिश की संभावना है. जिस कारण आंशिक बादल छाए रहेंगे. ऐसे में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी व अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री गिरावट दर्ज की जाने की संभावना है. इससे न्यूनतम और अधिकतम तापमान में अधिक फर्क नहीं रह जाएगा. यानी रात और दिन लगभग एक समान ही लोगों को ठंड महसूस होगा.