logo

मोरहाबादी में 15 हजार पंचायत सचिवालय स्वयंसेवकों और प्रशासन में तनातनी, स्वयंसेवक बोले- CM से वार्ता करायें, वरना...

panchayat_volunteers.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड के सभी जिलों में कार्यरत 15 हजार से ज्यादा पंचायत सचिवालय स्वयंसेवक आज रांची में मुख्यमंत्री आवास घेरने निकले हैं। उनका यह घेराव कार्यक्रम उनकी पांच सूत्री मांगों को लेकर है। आज वे सभी मोरहाबादी मैदान में इकट्ठा हुए और वहां से मुख्यमंत्री आवास घेरने निकले, लेकिन रास्ते में ही मोरहाबादी टीओपी के पास प्रशासन ने उन्हें रोक दिया है। इससे नाराज स्वयंसेवक नारेबाजी कर रहे हैं। बता दें कि ये स्वयंसेवक आठ जुलाई से अपनी मांगों को लेकर राजभवन के पास अनिश्चितकालीन धरना पर बैठे हैं। इसी कड़ी में आज ये लोग मुख्यमंत्री आवास घेरने निकले हैं।


स्वयंसेवक बोले- CM से वार्ता नहीं हुई, तो उग्र होगा आंदोलन 
ये स्वयंसेवक पंचायत सचिवालय स्वयंसेवक संघ के बैनर तले मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने निकले हैं। मोरहाबादी में ही उन्हें प्रशासन द्वारा रोक दिये जाने से वे आक्रोशित हैं। संघ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से वार्ता की मांग पर अड़ गये हैं। इसे लेकर स्वयंसेवक और प्रशासन आमने-सामने हो गये हैं। स्वयंसेवकों ने प्रशासन से मांग की है कि वह संघ के 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए बुलाये। अगर प्रशासन ऐसा नहीं करती है, तो उनका आंदोलन उग्र रूप धारण कर लेगा। 

पंचायत सचिवालय स्वयंसेवक संघ के प्रदर्शन को देखते हुए सिटी डीएसपी दीपक कुमार मोरहाबादी पहुंच चुके हैं। उनके अलावा टाउन सीओ और बड़गाईं सीओ भी वहां तैनात हो गये हैं। स्वयंसेवकों के चल रहे इस प्रदर्शन के दौरान कोई अप्रिय घटना न हो, इसके लिए मोरहाबादी में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम कर दिये गये हैं। वहां वाटर कैनन भी तैनात कर दिये गये हैं।


ये हैं संघ की पांच मांगें
1. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पंचायत सचिवालय स्वयंसेवक संघ के 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की वार्ता करायी जाये।
2. पंचायत सचिवालय स्वयंसेवकों की सेवा स्थायी की जाये।
3. पंचायत सचिवालय स्वयंसेवकों को नियमित मानदेय दिया जाये। 
4. पंचायत सचिवालय स्वयंसेवकों का समायोजन किया जाये।
5. पंचायत सचिवालय स्वयंसेवक का नाम बदलकर पंचायत सहायक किया जाये।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N