जामताड़ा
जामताड़ा जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र अंतर्गत गोरायनाला में रविवार शाम चड़का पहाड़ी मेले की डाक यानी नीलामी प्रक्रिया के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते झड़प में बदल गया. इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया. पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि यह पूरी घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई.

डाक प्रक्रिया के दौरान हुई झड़प
जानकारी के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब आगामी 15 मई से शुरू होने वाले चड़का पहाड़ी मेले के आयोजन को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय लोगों की उपस्थिति में डाक प्रक्रिया चल रही थी. इसी दौरान कुछ लोगों द्वारा प्रक्रिया में बाधा डालने के बाद विवाद बढ़ गया और स्थिति हाथापाई तक पहुंच गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ ही देर में हालात बिगड़ गए. मेले के वर्तमान लाइसेंसधारी मनोज दत्ता ने आरोप लगाया है कि कुछ शरारती तत्वों ने उन पर और उनके साथियों पर हमला किया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई.

भीड़ का फायदा उठाकर कुछ लोगों ने की छिनतई: पीड़ित पक्ष
घटना के बाद मनोज दत्ता अपने समर्थकों के साथ मिहिजाम थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में सैकत मजूमदार, जीतू बाउरी, संजय बाउरी, बहादुर बाउरी, प्रदीप बाउरी, राजेश बाउरी और शुभम बाउरी सहित अन्य लोगों को नामजद किया गया है. पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि झड़प के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर कुछ लोगों ने छिनतई की घटना को भी अंजाम दिया. इस घटना ने आगामी मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि 15 मई से शुरू होने वाला पारंपरिक मेला शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके. फिलहाल मिहिजाम पुलिस मामले की जांच में जुटी है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है.
.jpeg)