द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के बोकारो जिले से एक साइको किलर का मामला सामने आया है। 3 जुलाई को इस किलर ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी थी। उसके बाद शव को कमरें में बंदकर फरार हो गया। जिसके बाद अब वह आसपास रहने वाली महिलाओं को अपना शिकार बना रहा है। आज भी उसने अपने पड़ोस में रहने वाली महिला पर हमला कर दिया। उसके आतंक से पूरा इलाका सहमा हुआ है। इस साइको किलर का नाम अजय रविदास है। इस पर पुलिस ने 10 हजार इनाम की घोषणा की है। बावजूद इसके पुलिस उसे अबतक पकड़ नहीं पाई है। इस कारण लोग काफी आक्रोशित हैं।

महिलाएं काफी डरी
जानकारी के अनुसार, अजय रविदास चंद्रपुरा पश्चिम पल्ली डीवीसी कॉलोनी में रहता है। तीन जुलाई को उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी और फिर कमरा बंद कर फरार हो गया। इसके बाद उसने पांच जुलाई को गोमिया में अपनी चाची पर चाकू से हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसका इलाज अभी रांची के रिम्स में कराया जा रहा है। इसके बाद 7 जुलाई यानी आज उसने घर के बाहर झाड़ू लगा रही पड़ोसी शोभा कुमारी को चाकू मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। फिलहाल शोभा कुमारी का इलाज बोकारो जनरल हॉस्पिटल में किया जा रहा है। जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। बेलगाम अजय रविदास आते-जाते लोगों को निशाना बना रहा है। खासकर महिलाएं इससे काफी डरी हुई हैं।

सीसीटीवी में हुआ कैद
अजय रविदास ने शुक्रवार को जब महिला पर हमला किया और वहां से फरार हुआ तो उसकी तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गईं। पुलिस अब इस फुटेज के आधार पर उसे गिरफ्तार करने के लिए जगह-जगह छापेमारी कर रही है। सनकी अजय रविदास बीते 1 सप्ताह से पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ है। इस साइको की वजह से आसपास के कई इलाकों में लोग घरों से निकलने से भी कतरा रहे हैं।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N