logo

चलती ट्रेन में गूंजी किलकारी : आसनसोल रेल मंडल की तत्परता से मां-बच्चा सुरक्षित, घरवालों ने जताया आभार

a548.jpg

जामताड़ा:
​पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने तत्परता और मानवीय संवेदना की एक मिसाल पेश करते हुए चलती ट्रेन में प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिला को न केवल समय पर चिकित्सा सहायता पहुंचाई, बल्कि सुरक्षित प्रसव के बाद मां और नवजात को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भी शिफ्ट कराया।

​यह घटना ट्रेन संख्या 12303 हावड़ा–नई दिल्ली पूर्वा एक्सप्रेस की है। हावड़ा से जमुई की यात्रा कर रही एक गर्भवती महिला को अचानक तीव्र प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। इसकी जानकारी कोच संख्या ए-2 के ऑन-ड्यूटी टिकट परीक्षक (टीटीई) ने तुरंत सुबह 11:05 बजे वाणिज्यिक नियंत्रण कक्ष आसनसोल को दी।

​कंट्रोल रूम की मुस्तैदी और तत्काल एक्शन
सूचना मिलते ही वाणिज्यिक नियंत्रण कक्ष, आसनसोल तुरंत एक्शन में आ गया। स्थिति की गंभीरता और महिला की नाजुक हालत को देखते हुए नियंत्रण कक्ष ने तुरंत स्टेशन प्रबंधक, मधुपुर को अलर्ट किया और ट्रेन के वहां पहुंचने से पहले ही सभी जरूरी चिकित्सा इंतजाम पूरे रखने के निर्देश दिए। स्टेशन प्रबंधक, मधुपुर ने बिना समय गंवाए रेलवे स्वास्थ्य इकाई से संपर्क साधा और एक विशेष मेडिकल टीम को सक्रिय किया।

इस टीम में रेलवे चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस. हाजरा और नर्सिंग स्टाफ सुमन सिन्हा शामिल थीं। इसके साथ ही, जैसे ही पूर्वा एक्सप्रेस मधुपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 2 पर आकर रुकी, वहां रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), वाणिज्यिक कर्मचारी और स्टेशन स्टाफ पहले से ही सहायता के लिए मोर्चे पर तैनात थे।

कोच के भीतर ही कराया प्रसूता का सुरक्षित प्रसव
​ट्रेन के मधुपुर स्टेशन पहुंचने तक महिला यात्री ने कोच के भीतर ही एक स्वस्थ बालक को जन्म दे दिया था। ट्रेन रूकते ही रेलवे की मेडिकल टीम तुरंत कोच के अंदर पहुंची। डॉ. हाजरा और उनकी टीम ने मां और नवजात शिशु की गहन चिकित्सकीय जांच की और प्रसव के बाद दी जाने वाली जरूरी प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई।
शुरुआती जांच में दोनों का स्वास्थ्य पूरी तरह स्थिर और सुरक्षित पाया गया। इसके बाद, बेहतर देखभाल और आगे की निगरानी के लिए मां-बेटे को तुरंत रेफरल अस्पताल, मधुपुर भेज दिया गया।

​प्रसूता के परिजनों ने रेलवे का आभार जताया
इस आपात स्थिति में रेलवे द्वारा दिखाए गए त्वरित तालमेल और मानवीय चेहरे को देखकर यात्री के परिजनों ने आसनसोल मंडल प्रशासन और पूरे स्टाफ का सहृदय आभार व्यक्त किया।

​रेलवे की अपील: आसनसोल मंडल ने यात्रियों की सुरक्षा और कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए अपील की है कि यात्रा के दौरान किसी भी आपातकालीन चिकित्सा स्थिति, सुरक्षा समस्या या सेवा संबंधी शिकायत के लिए यात्री तुरंत रेल मदर्ज (RailMadad) ऐप/वेबसाइट या रेलवे हेल्पलाइन संख्या 139 पर सूचना दें, ताकि समय रहते त्वरित सहायता पहुंचाई जा सके।

Tags - Child Birth inside TrainTrain Child BirthAsansol Rail MandalJharkhand News