logo

द फॉलोअप की खबर का असर: पुश्तैनी जमीन में हो रहे अवैध निर्माण पर प्रशासन ने लगाई रोक

रेव्फ्रेव.jpg

दीपक झा/जामताड़ा
जामताड़ा जिला अंतर्गत कर्माटांड़ थाना क्षेत्र स्थित जीयनपुर गांव में लाठी के बल पर दो बीघा से अधिक पुश्तैनी जमीन पर किए जा रहे जबरन कब्जे और अवैध निर्माण के मामले में प्रशासन हरकत में आ गया है। 'द फॉलोअप' द्वारा इस खबर को चलाने के बाद, प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य को अब बंद करवा दिया है।
यह पूरा मामला जीयनपुर गांव निवासी दीपक सिंह की पुश्तैनी जमीन से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि महादेव मंडल नामक व्यक्ति द्वारा इस जमीन पर अवैध तरीके से घेराबंदी करके मकान निर्माण कार्य किया जा रहा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी महादेव मंडल के पास न तो इस जमीन के वैध कागजात हैं और न ही संबंधित न्यायालय का कोई आदेश।
यह मामला पहले जामताड़ा अनुमंडल न्यायालय में विचाराधीन था। जहां अनुमंडल पदाधिकारी आनंद कुमार के न्यायालय ने दोनों पक्षों को इस विवाद को सिविल कोर्ट में ले जाने का आदेश दिया था। लेकिन कब्जाधारी पक्ष ने सिविल कोर्ट जाने के बजाय, लाठी के बल पर जमीन की घेराबंदी करने और निर्माण कार्य को अंजाम देने की कोशिश की थी।
वहीं, इस गंभीर मामले पर स्थानीय पुलिस की चुप्पी पर भी सवाल उठ रहे थे। हालांकि प्रशासन की ताजा कार्रवाई के बाद, अवैध रूप से किए जा रहे निर्माण कार्य को फ़िलहाल रोक दिया गया है, जिससे पीड़ित पक्ष को कुछ राहत मिली है।
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand update jamtara news jamtara khabar jamtara update