logo

दुमका : घर से पत्नी, 2 बच्चें  और खेत से पति का संदिग्ध हालत में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

tbyur6uwbn.jpg

द फॉलोअप डेस्क
दुमका के हंसडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत बरदेही गांव में रविवार को एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक ही परिवार के चार सदस्यों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किए गए हैं। पुलिस को घर के अंदर से पत्नी और दो बच्चों के शव मिले, जबकि पति का शव घर के बाहर खेत में पड़ा हुआ था। पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खरवार ने शुरुआती जांच के बाद आपसी कलह को घटना का कारण बताते हुए इसे हत्या के बाद आत्महत्या का मामला माना है।
यह घटना तब प्रकाश में आई जब बरदेही गांव के ग्रामीणों ने सुबह खेत में बीरेंद्र मांझी का शव पड़ा देखा। इसके तुरंत बाद यह जानकारी मिली कि बीरेंद्र के घर के भीतर उनकी पत्नी आरती कुमारी और दो मासूम बच्चे, रोही और विराज के शव भी पड़े हैं। सभी चारों शव संदिग्ध अवस्था में थे। शुरुआती सूचना के अनुसार, पत्नी आरती और दोनों बच्चों के गले में रस्सी बंधी हुई थी, जो हत्या की ओर इशारा करता है।

घटनास्थल पर जुटे ग्रामीणों के अनुसार, मृतक बीरेंद्र मांझी का परिवार बेहद साधारण था। मृतिका आरती कुमारी का मायका देवघर जिले के पालाजोरी में है और बीरेंद्र उन्हें शनिवार को ही मायके से वापस लेकर आया था। सबसे दुखद पहलू यह है कि उनका मासूम बेटा विराज दिल की गंभीर बीमारी (दिल में छेद) से पीड़ित था। परिवार बच्चे के इलाज के लिए वेल्लोर ले जाने की तैयारी कर रहा था, लेकिन इस बीच यह भयानक घटना हो गई।

मृतक बीरेंद्र के पिता मनोज मांझी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार की रात पति-पत्नी बीरेंद्र और आरती के बीच किसी बात को लेकर जमकर झगड़ा हुआ था। मनोज मांझी ने आशंका व्यक्त की है कि इसी पारिवारिक विवाद ने इतना गंभीर रूप ले लिया कि आवेश में आकर बीरेंद्र ने पहले अपनी पत्नी आरती और दोनों मासूम बच्चों की हत्या कर दी। इसके बाद, उसने घर के भीतर ही फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। यह त्रासदी तब सामने आई जब रविवार की सुबह काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला। परिवार के अन्य सदस्यों ने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खुलवाया, जिसके बाद चार शवों को देखकर हड़कंप मच गया।

मिली जानकारी के अनुसार, बीरेंद्र की पत्नी आरती कुमारी अपने बच्चों के साथ पालोजोरी स्थित अपने मायके में रह रही थीं। बीरेंद्र कल ही उन्हें वापस गांव लेकर आया था। वापस आने के बाद आज सुबह चारों की लाशें मिलीं। इस जानकारी ने घटना के पीछे पारिवारिक विवाद और आपसी कलह की आशंका को बल दिया है।
सूचना मिलते ही हंसडीहा थाने की पुलिस फौरन घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खरवार भी दल-बल के साथ बरदेही गांव पहुंचे। एसपी खरवार ने घटनास्थल का मुआयना करने और प्रारंभिक जांच के बाद बताया, "प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि पति (बीरेंद्र मांझी) ने ही अपनी पत्नी और दोनों बच्चों की हत्या करने के बाद खुदकुशी कर ली है।" उन्होंने यह भी जोड़ा कि चूंकि पत्नी बच्चों समेत मायके में रह रही थी और कल ही वापस आई थी, इसलिए आपसी कलह के कारण इस तरह की घटना सामने आई है। पुलिस हर एक बिंदु पर गहराई से जांच कर रही है और मृतक के परिजनों तथा आस-पास के लोगों से पूछताछ जारी है।



 

Tags - latest jharkhand news Jharkhand News Updates latest jharkhand News Jharkhand News updates latest updates Jharkhand Dumka News Dumka News Updates Latest Dumka News Dumka News in hindi latest Dumka news Dumka News updates latest Dumka updates