logo

पाकुड़ : शिक्षक मौसा ने 6 वर्षीय मासूम को बेरहमी से मार डाला, नदी किनारे पड़ा मिला शव

JLJOJUO.jpg

पाकुड़. 

पाकुड़ के आमड़ापाड़ा से रिश्तों को कलंकित करने वाली वारदात सामने आई है। 6 वर्षीय मासूम की हत्या उसके मौसा ने ही कर दी। मौसा स्कूल में शिक्षक है। मामला आमड़ापा़ड़ा थानाक्षेत्र के उदलबानी गांव का है। मृत बच्चे की पहचान कान्हू मुर्मू के रूप में की गई है। बच्चा मूलरूप से महेशपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत डूमरघाटी गांव का रहने वाला था। मिली जानकारी के मुताबिक 6 वर्षीय कान्हू मुर्मू फतेहपुर गांव में स्थित तिलकामांझी आवासीय विद्यालय में पढ़ता था। आरंभिक जांच में पता चला है कि बच्चे की हत्या अपहरण के बाद की गई। पुलिस ने बच्चे की हत्या के आरोप में मौसा मुकेश मुर्मू को हिरासत में लिया है। पुलिस फिलहाल उससे पूछताछ में जुटी है। हत्या का कारण स्पष्ट नहीं है। 

 

लापता होने की सूचना मिली थी 
जानकारी के मुताबिक विद्यालय के एक शिक्षक ने मंगलवार को कान्हू के घर पर फोन किया और बताया कि कान्हू लापता है। परिजनों ने कान्हू की काफी खोजबीन की। अचानक बुधवार दोपहर करीब 2 बजे पता चला कि  कान्हू का शव उदलबानी गांव की नदी के पास के नाले में पड़ा हुआ है। इसके बाद पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए पाकुड़ भेज दिया। 


20 हजार रुपये मांगे थे 
इस वारदात से आक्रोशित परिजन व ग्रामीणों ने विद्यालय के शिक्षक मुकेश मुर्मू को पकड़कर महेशपुर पुलिस को सौप दिया। परिजनों ने बताया कि शिक्षक मुकेश मुर्मू ने कान्हू के पिता रायसेन मुर्मू से 20 हजार रुपये मांगे थे। रायसेन मुर्मू 20 हजार रुपए नहीं दे पाए थे। उसके दूसरे दिन ही उनका बच्चा गायब हो गया। परिजनों ने बताया कि कई साल पहले भी विद्यालय से 2 बच्चों के लापता होने का मामला सामने आया था, लेकिन तब मुकेश मुर्मू को पकड़ा नहीं जा सका था।