द फॉलोअप डेस्क, रांची
सीबीआई (CBI) ने घुसखोरी के एक मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) के ही दो अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। CBI ने आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी आज जानकारी दी। विज्ञप्ति के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में ED के एक हेड कॉन्स्टेबल और एक प्रवर्तन अधिकारी शामिल हैं। दोनों लखनऊ जोन में तैनात थे। मामला 5 लाख रुपये की घुसखोरी जुड़ा है। CBI के मुताबिक, शिकायतकर्ता के पिता को ED के लखनऊ जोनल कार्यालय से अगस्त और सितंबर 2026 में दो समन मिले थे। आरोप है कि इस मामले में मदद करने के बदले ED के हेड कॉन्स्टेबल ने शिकायतकर्ता के पिता से घूस की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद CBI ने 23 अक्टूबर को मामला दर्ज किया।

इसके बाद CBI ने जाल बिछाया और कथित तौर पर रिश्वत की रकम लेते हुए ED के हेड कॉन्स्टेबल को रंगे हाथों पकड़ लिया। प्रेस रिलीज के अनुसार, 5 लाख रुपये की यह रकम ED के प्रवर्तन अधिकारी की ओर से भी ली जा रही थी। कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। CBI के अनुसार इस मामले की जांच जारी है। हालांकि, अभी तक इस मामले से जुड़े अन्य संभावित आरोपों और जांच के नतीजों का विस्तृत ब्योरा सामने नहीं आया है। CBI ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी कार्रवाई दोहराते हुए कहा है कि सरकारी अधिकारियों की ओर से रिश्वत मांगे जाने पर नागरिक शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
