डुमरिया/गोड्डा:
सीबीआई ने गोड्डा जिले में बड़ी कार्रवाई की है। बीते 1 जून को एसबीआई डुमरिया के ब्रांच मैनेजर रोहित कुमार सिंह को जीवन ज्योति बीमा योजना में 77,000 रुपये घूस लेते गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि ब्रांच मैनेजर ने मृतक की मां से 60 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शाखा प्रबंधक की गिरफ्तारी के बाद उसके घर और दफ्तर की भी तलाशी ली गई। दावा किया जा रहा है कि झारखंड में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में घूसखोरी के आरोप में गिरफ्तारी की यह पहली घटना है।

महिला ने सीबीआई से की थी शिकायत
मामला दरअसल यह है कि एक महिला ने सीबीआई से शिकायत की थी कि उसके बच्चे की मौत हो गई। वह प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत निबंधित था। योजना के तहत 2 लाख रुपये आश्रित को मिलते हैं। सीबीआई को दी गई शिकायत में महिला ने बताया कि बैंक मैनेजर बीमा राशि के क्लेम को पास करने के एवज में 60 हजार रुपये रिश्वत मांग रहा था। इसके अतिरिक्त उसने बैंक खाता ट्रांसफर के नाम पर भी 17 हजार रुपये की मांग की गई। आरोप है कि बैंक मैनेजर ने पीड़िता को धमकी दी थी कि यदि घूस नहीं मिला तो वह 35 हजार रुपये की निकासी पर प्रतिबंध लगा देगा।

सीबीआई ने रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा
सीबीआई ने शिकायत का सत्यापन किया तो आरोप सही पाए गए। सीबीआई ने बैंक मैनेजर रोहित कुमार सिंह को मृतक की मां से 77 हजार रुपये घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। सीबीआई ने आरोपी ब्रांच मैनेजर को धनबाद की सक्षम अदालत में पेश किया। मामले की जांच जारी है।