logo

मुख्यमंत्री करेंगे राष्ट्रपति की अगवानी व वित्त मंत्री करेंगे विदा

presidentt.jpg

द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 31 जुलाई को बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की अगवानी करेंगे। वहीं एक अगस्त को वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर राष्ट्रपति को विदा करेंगे। राष्ट्रपति के दो दिवसीय झारखंड दौरे का शिड्युल फाइनल हो गया है। राष्ट्रपति भवन ने राज्य सरकार को कार्यक्रम का मिनट टू मिनट भेज दिया है। तय कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 31 जुलाई को कोलकाता से दिन के लगभग 12.30 बजे देवघर आएंगी। वहां एम्स के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के बाद शाम 5.20 बजे रांची पहुंचेंगी। राजभवन में रात्रि विश्राम करने के बाद अगले दिन एक अगस्त को सुबह 10 बजे रांची एयरपोर्ट से दुर्गापुर के लिए रवाना होंगी। दुर्गापुर से हेलीकॉप्टर से वह 11.40 बजे धनबाद पहुंचेंगी। धनबाद में आईआईटी (आईएसएम) के दीक्षांत समारोह में भाग लेने के बाद 3.10 बजे हेलीकॉप्टर से दुर्गापुर चली जाएंगी।


इधर राज्य सरकार और रांची जिला प्रशासन ने राष्ट्रपति के आगमन को लेकर अपनी तैयारियां पूरी कर ली है। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर रांची एयरपोर्ट से राजभवन तक, मुख्य मार्ग पर प्रत्येक बाइलेन पर बैरेकेटिंग की गयी है। राजधानी रांची में राष्ट्रपति के आगमन को लेकर 31 जुलाई की शाम चार बजे से सात बजे तक रांची एयरपोर्ट से राजभवन तक यातायात का दबाव कम करने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए आम लोगों से भी इस मार्ग पर कम चलने का आग्रह किया गया है। एक अगस्त की सुबह आठ बजे से 10 बजे तक इस मार्ग पर फिर आवागमन को रोका जाएगा। कम से कम लोगों को चलने दिया जाएगा। रातू, पिठौरिया, कांके, गुमला, चाईबासा की ओर से आनेवाले भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा।

Tags - President Draupadi Murmu will visit Jharkhand on July 31 AIIMS Deoghar IIT Dhanbad convocation Chief Minister Hemant Soren Finance Minister Radhakrishna Kishore