द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा नगर निकाय चुनाव को लेकर जामताड़ा में सियासी सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है। अध्यक्ष पद के लिए नामांकन के दौरान मंगलवार को शहर में जबरदस्त राजनीतिक गतिविधियां देखने को मिलीं। एक ओर जामताड़ा के पूर्व विधायक स्वर्गीय विष्णु प्रसाद भैया की धर्मपत्नी चमेली देवी ने नामांकन पत्र दाखिल किया, तो वहीं दूसरी ओर समाजसेवी तरुण कुमार गुप्ता की धर्मपत्नी आशा गुप्ता ने भी पूरे दमखम के साथ अपना पर्चा भरा।
दोनों प्रत्याशियों ने नामांकन के अवसर पर शक्ति प्रदर्शन किया। समर्थकों के साथ शहर में विशाल रैली निकाली गई, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए समाहरणालय स्थित नामांकन स्थल पहुंची। गाजे-बाजे और नारों के बीच निकली रैली ने पूरे शहर का भ्रमण किया और जनता से समर्थन मांगा। नामांकन स्थल पर समर्थकों का भारी हुजूम उमड़ा रहा। चमेली देवी के नामांकन के मौके पर पूर्व पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर और सारठ के विधायक उदय शंकर सिंह भी शामिल हुए। दोनों नेताओं की मौजूदगी को चुनावी लिहाज से अहम माना जा रहा है। उन्होंने चमेली देवी के समर्थन में जनता से अपील की और इसे विकास एवं जनहित की लड़ाई बताया। मीडिया से बातचीत में आशा गुप्ता ने कहा कि जामताड़ा आज चारों ओर से भ्रष्टाचार से घिरा हुआ है और आम लोग डरे-सहमे माहौल में जी रहे हैं। उन्होंने कहा, “लोग खुलकर अपनी बात नहीं रख पा रहे हैं। मेरी पहली प्राथमिकता जामताड़ा को भयमुक्त बनाना है। हर गली-मोहल्ले से डर का माहौल खत्म करना जरूरी है।”
.jpg)
वहीं चमेली देवी ने कहा, “यह मेरा नहीं, जामताड़ा की जनता का नामांकन है। लोगों के दबाव और समर्थन पर मैं चुनाव मैदान में उतरी हूं।” उन्होंने जामताड़ा को स्वच्छ, सुंदर और भयमुक्त बनाने के साथ-साथ शहर में व्याप्त भ्रष्टाचार को समाप्त करने को अपनी प्राथमिकता बताया। अध्यक्ष पद के अलावा वार्ड पार्षद पद के लिए भी कई उम्मीदवारों ने नामांकन किया। संतोष मुखर्जी, विजय रवानी, चंडी भंडारी, शिखारानी, पुष्पा कुमारी सहित अन्य प्रत्याशियों ने अपना पर्चा दाखिल किया। उनके समर्थकों की भी नामांकन स्थल पर अच्छी-खासी उपस्थिति रही। नगर निकाय चुनाव में अध्यक्ष पद को लेकर अब सीधी और दिलचस्प टक्कर की स्थिति बनती नजर आ रही है। बड़े नेताओं की एंट्री से चुनावी मुकाबला और प्रतिष्ठापूर्ण हो गया है। आने वाले दिनों में प्रचार अभियान और तेज होने के आसार हैं, जिससे जामताड़ा का राजनीतिक माहौल और गर्माने की संभावना है।
