द फॉलोअप डेस्क
सरिया प्रखंड के कालापत्थर गांव में शनिवार को निरीक्षण के दौरान उपायुक्त रामनिवास यादव गरीबी और बदहाली की तस्वीर देखकर भावुक हो उठे। उपायुक्त जब गांव के एक घोपड़ीनुमा मकान में पहुंचे, तो वहां रह रहे परिवार की दयनीय स्थिति देखकर कुछ देर के लिए स्तब्ध रह गए।
कच्चे फूस के घर, टूटी चारदीवारी और मुश्किल हालात में गुजर-बसर करते परिवार की स्थिति देखकर उपायुक्त ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक मदद सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य हर जरूरतमंद तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और ऐसे परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर आवास एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने ग्रामीणों से संवाद भी किया और गांव की मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि गांव के हर घर तक बिजली, आवास, पेयजल और शौचालय की सुविधा सुनिश्चित की जाए ताकि कोई भी परिवार वंचित न रहे। यह निरीक्षण सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने और विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के उद्देश्य से किया गया था।
