logo

तीसरी सोमवार पर उपायुक्त ने श्रावणी मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया, दिए जरूरी निर्देश

dc13.jpg

देवघर:

बाबा बैद्यनाथ धाम में राजकीय श्रावणी मेला की तीसरी सोमवारी पर डीसी सौरभ कुमार भुवानिया ने मेला क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, विधि व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और पार्किंग स्थलों का बारीकी से जायजा लिया। उपायुक्त ने नंदन पहाड़, कालीबाड़ी, कुमैठा, कुमुदिनी घोष रोड, बरमसिया, सरकार भवन, परमेश्वर दयाल रोड, बीएड कॉलेज, जलसार पार्क, शिवराम झा चौक तथा बाबा मंदिर के आसपास के क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण और सुदृढ़ करने के आवश्यक व उचित दिशा-निर्देश दिए।

श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखने का निर्देश
उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने रूटलाइन का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, शौचालय, सूचना केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र, मातृत्व विश्राम गृह और विद्युत केंद्रों को पूरी तरह क्रियाशील रखा जाए। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए टोटो एम्बुलेंस को अलर्ट मोड पर रखने तथा मेला क्षेत्र में लगे सभी बैरिकेड्स की मजबूती को दुरुस्त करने का सख्त निर्देश दिया गया।

संभावित बारिश और सुरक्षा के दृष्टिकोण से उपायुक्त ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को पूरे मेला क्षेत्र में तारों और उपकरणों की सघन जांच करने तथा विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत दी। इसके साथ ही, उन्होंने कतारबद्ध जलार्पण व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए सभी होल्डिंग पॉइंट्स और क्यू कॉम्प्लेक्स की व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त रखने को कहा, ताकि देवतुल्य श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। 

पदाधिकारियों को समन्वय बनाने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने तीसरी सोमवारी को लेकर सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों, दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को सेवा भाव से कार्य करने तथा अत्यंत सजग व विशेष रूप से एक्टिव रहने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सेवा, सुरक्षा और सुगम जलार्पण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी, मधुपुर राजीव कुमार, जिला नजारत उपसमाहर्ता मुकेश कुमार, मेला प्रभारी स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग के अभियंता, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी, डीएमएफटी की टीम व संबंधित अधिकारी व कर्मी आदि उपस्थित थे।
 

Tags - JharkhandDeogharSawan SomwariBaidyanath Dham