logo

मौसम का हाल : असन्नी तूफान का असर झारखंड में भी होगा...7 से 10 मई तक राज्य के कई जिलों में तेज बारिश के साथ वज्रपात की आशंका

toofan.jpg

रांचीः
झारखंड में इनदिनों मौसम का मिजाज बदला-बदला है। एक-दो दिनों की छिटपुट बारिश हो जाने के कारण लोगों को गर्मी से राहत है। राज्य के कई जिलों में आगामी 10 मई तक बारिश की संभावना है। 6 मई से अंडमान के सटे क्षेत्र में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है, जो आठ मई तक अति गंभीर निम्न दबाव का क्षेत्र बनेगा और यह डीप डिप्रेशन बनकर तूफान का रूप लेगा। इस तूफान का नाम असन्नी है। तूफान का नामकरण श्रीलंका ने किया है। जिसका अर्थ होता है प्रकोप


झारखंड में होगा असर 
तूफान की उत्तर-पश्चिमी दिशा की ओर बढ़ने की संभावना है, इसका असर झारखंड में भी होगा। यहां भी तेज हवा और वज्रपात के साथ भारी बारिश की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अभी पंजाब से बांग्लादेश तक एक टर्फ लाइन गुजरी है। इसलिए झारखंड का मौसम बदला है। टर्फ लाइन लो प्रेशर सिस्टम बनने का सूचक है। यह अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी के साथ दोनों ओर से हवाएं खींचती है और जिधर से गुजरती है, वहां बारिश करती है। 

 

तापमान में गिरावट होगा
7 से 10 मई तक रांची सहित झारखंड के कई हिस्सों में बारिश और वज्रपात की आशंका है। इसके साथ ही तेज हवा भी चल सकती है। राज्य के उत्तर-पूर्वी, मध्य और दक्षिणी-पूर्वी हिस्से में बारिश के आसार हैं। 7 से लेकर 10 मई तक रांची और आसपास इलाकों में अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री और न्यूनतम 21 से 22 डिग्री के बीच रहने के आसार हैं।