logo

पूर्वी सिंहभूम : मां के इलाज के लिए जमशेदपुर में था परिवार, बंद घर से लाखों के गहने और नकदी चोरी

मां के इलाज के लिए जमशेदपुर में था परिवार, बंद घर से लाखों के गहने और नकदी चोरी

द फॉलोअप, जमशेदपुर: 

पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत राजलाबांध निवासी शुभेंदु कुईला माँ के इलाज के सिलसिले में पत्नी के साथ जमशेदपुर में थे। इसी का फायदा उठाते हुए उनके बंद पड़े घर से चोरों ने नकद सहित जेवरात लेकर फरार हो गए। बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और लगभग 95 हजार रुपये नकद की चोरी कर ली। शुक्रवार सुबह आसपास के लोगों ने घर का ताला टूटा देखा, जिसके बाद घर के मालिक शुभेंदु कुईला को इसकी सूचना दी गयी। जानकारी मिलते ही वह जमशेदपुर से राजलाबांध पहुंचे। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का ताला टूटा हुआ मिला।

95 हजार रुपये नकद की चोरी 

मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शुभेंदु कुईला ने पुलिस को बताया कि उनकी मां रेवती कुईला 18 सितंबर को सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गयी थीं। उनका इलाज आदित्यपुर के एक अस्पताल में चल रहा है। मां के इलाज के सिलसिले में वह अपनी पत्नी के साथ जमशेदपुर में रह रहे थे। इसी वजह से राजलाबांध स्थित उनका घर बंद था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। इसी क्रम में चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुए और अलमारी को निशाना बनाया। अलमारी में रखे 95 हजार रुपये नकद के अलावा सोने की एक जोड़ी चूड़ी, पांच अंगूठियां, चार जोड़ी कान की बालियां और एक हार चोरी कर लिया। चोरी किए गये जेवरात की कीमत लाखों रुपये बतायी जा रही है।

पहले भी आसपास के दो घरों में चोरी हो चुकी

घर में हुई चोरी का पता शुक्रवार सुबह पड़ोसियों को चला, जिसके बाद उन्होंने शुभेंदु को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। आसपास के घरों और रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चोर किस रास्ते से घर में दाखिल हुए और वारदात के बाद किस दिशा में भागे। राजलाबांध में बंद घर में हुई चोरी के बाद स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गयी है। ग्रामीणों के अनुसार, इससे पहले भी आसपास के दो घरों में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व की घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं होने से चोरों के हौसले बढ़े हैं। नये थाना प्रभारी रवि होनहागा के योगदान के बाद क्षेत्र में हुई इस चोरी का खुलासा करना पुलिस के लिए चुनौती बन गया है।

Tags - Closed House Theft East Singhbhum police Jamshedpur police Crime News