द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मिलावटी और अवैध खाद्य कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार तेज किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को विभाग की टीम ने पचंबा बिशनपुर स्थित बरतर कालीमंडा के पास संचालित पूनम बेकरी में औचक छापेमारी की। छापेमारी के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी के अनुसार पूनम बेकरी पिछले कई वर्षों से अवैध रूप से संचालित पाई गई। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि बेकरी के पास आवश्यक एफएसएसएआई (FSSAI) लाइसेंस उपलब्ध नहीं था, जो खाद्य पदार्थों के निर्माण और बिक्री के लिए अनिवार्य है। बिना लाइसेंस के उत्पादन और बिक्री करना खाद्य सुरक्षा अधिनियम का सीधा उल्लंघन है। जांच के बाद विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बेकरी संचालक पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। इसके साथ ही साफ-सफाई, कच्चे माल की गुणवत्ता और उत्पादन प्रक्रिया में भी कई खामियां पाई गईं, जिस पर कड़ी चेतावनी दी गई है। विभाग ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि जिले भर में इस तरह की छापेमारी आगे भी जारी रहेगी। बिना लाइसेंस, मिलावटी या अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य सामग्री तैयार करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे लाइसेंस रहित खाद्य प्रतिष्ठानों की जानकारी प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। लगातार हो रही छापेमारी से अवैध खाद्य कारोबारियों में भय का माहौल है, वहीं आम उपभोक्ताओं ने विभाग की इस कार्रवाई का स्वागत किया है।
