द फॉलोअप डेस्क
झारखंड सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में एक और नया उदाहरण पेश किया है। हजारीबाग में आयोजित एक समारोह में बोर्ड परीक्षा 2025 के सेकंड और थर्ड टॉपर छात्रों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर छात्रों की आंखों में सपने और उनके अभिभावकों की आंखों में खुशी के आंसू साफ दिखाई दे रहे थे।
हजारीबाग के सीएम एक्सीलेंस ऑफ स्कूल में आयोजित इस कार्यक्रम में 9 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। झारखंड एकेडमिक काउंसिल के तहत आयोजित कार्यक्रम में 10वीं और 12वीं के सेकंड टॉपर को 2 लाख रुपये का चेक, लैपटॉप, मोबाइल फोन, स्कूल बैग और प्रशस्ति पत्र दिया गया, जबकि थर्ड टॉपर को 1 लाख रुपये का चेक, लैपटॉप, मोबाइल फोन, स्कूल बैग और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
जो छात्र बाहर रहकर पढ़ाई कर रहे थे, उनके अभिभावकों को यह पारितोषिक सौंपा गया। इस मौके पर अभिभावकों का भावुक होना स्वाभाविक था। उन्होंने कहा, "हमारे पास पहले से मोबाइल और लैपटॉप नहीं था। अब सरकार की इस मदद से बच्चों की पढ़ाई आसान हो जाएगी। हम झारखंड सरकार और एकेडमिक काउंसिल का दिल से धन्यवाद करते हैं।" यह पहल न केवल छात्रों को आर्थिक मदद प्रदान करती है, बल्कि उनके आत्मविश्वास को भी कई गुना बढ़ाती है। यह सम्मान उनके सपनों को नए पंख देने का काम करेगा। शिक्षा को भविष्य की कुंजी मानते हुए, झारखंड सरकार का यह कदम युवाओं के सपनों को साकार करने में अहम भूमिका निभा रहा है।
