द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धर्मपुर मोड़ पर आज सुबह 8:30 बजे के बीच सनसनीखेज वारदात हुई। दो मोटरसाइकिल पर सवार तीन नकाबपोश अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर 44 वर्षीय फुरकान अंसारी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधी गोविंदपुर–साहिबगंज नेशनल हाईवे की ओर से आए। हाईवे पर रुककर उन्होंने मास्क पहना और फिर अंदर की ओर बढ़े। धर्मपुर मोड़ पर बैठे फुरकान अंसारी को निशाना बनाया और सीधे मुँह पर गोली मारी। भागने के दौरान अपराधियों ने तीन राउंड हवाई फायरिंग भी की, जिनके खोखे मौके से बरामद किए गए हैं। घायल अवस्था में फुरकान अंसारी को सदर अस्पताल जामताड़ा ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मृतक अपने पीछे तीन बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलने के एक घंटे के बाद थाना प्रभारी, एसडीपीओ सहित वरीय पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फायरिंग के बाद अपराधी गांव की ओर कच्चे रास्ते से होते हुए मुख्य मार्ग की तरफ फरार हो गए।
पुलिस सभी संभावित एंगल से मामले की जांच में जुटी है और अपराधियों की पहचान की जा रही है। स्थानीय ग्रामीण मंसूर आलम ने कहा कि सुबह आठ बजे के पास गोलीकांड हुआ है , फुरकान अंसारी को गोली मारी गईं हैं, और अपराधी फरार हो गया हैं। वही सोनू सिंह ने कहा कि जामताड़ा जिला शांत जिला है उसे अशांत जिला बना दिया गया है, उन्होंने जामताड़ा जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई, उन्होंने कहा की अब तक तीन गालीकांड की घटना हो चुकीं है । मौके पर पहुंचे सीडीपीओ से पूछने पर कुछ भी कहने से परहेज़ किया।