गिरिडीह:
नगर निगम गिरिडीह में करीब 3 साल के लंबे अंतराल के बाद बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. यह बैठक निगम के नए भवन के सभा कक्ष में सुबह 11 बजे शुरू हुई, जिसमें मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, महापौर पर्मिला मेहरा, उप महापौर सुमित कुमार समेत सभी 36 वार्डों के पार्षद उपस्थित रहे. बैठक में कुल 9 अहम एजेंडों पर विस्तार से चर्चा की गई.
इनमें नगर निगम क्षेत्र में पूर्व में पारित योजनाओं के टेंडर, वार्डवार नई योजनाओं का चयन, बरसात से पहले बड़े और छोटे नालों पर कैचपिट निर्माण, गर्मी को देखते हुए शुद्ध जलापूर्ति के लिए WTP में आवश्यक उपकरणों की खरीद, प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा जैसे मुद्दे शामिल रहे.
अब योजनाओं को धरातल पर उतारने का वक्त
बैठक में मुख्य मार्गों के सौंदर्यीकरण, यूनिपोल से राजस्व संग्रहण की व्यवस्था, तथा ट्रैफिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए चौक-चौराहों पर सिग्नल लाइट लगाने जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया. बैठक के बाद महापौर पर्मिला मेहरा ने कहा कि जनता ने जनप्रतिनिधियों को विकास के लिए चुना है और अब योजनाओं को जमीन पर उतारने का समय आ गया है.
मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने क्या भरोसा दिलाया!
वहीं मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि बैठक में शामिल सभी एजेंडों पर काम किया जाएगा और आने वाले समय में शहर की जनता को विकास स्पष्ट रूप से देखने को मिलेगा. उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि नगर क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं में व्यापक सुधार किया जाएगा और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.