logo

8 फरवरी को होगा चंपई सरकार में मंत्रिमंडल विस्तार, इन नामों की चर्चा

a1006.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

8 फरवरी को झारखंड की नई सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार होगा। विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक 8 फरवरी को चंपई सोरेन सरकार के कैबिनेट की तस्वीर साफ हो जाएगी। दरअसल, 2 फरवरी को राजभवन में चंपई सोरेन ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके साथ कांग्रेस के आलमगीर आलम और आरजेडी के सत्यानंद भोक्ता ने मंत्रिपद की शपथ ली थी। चर्चा है कि मंत्रिमंडल में देरी की वजह से दरअसल, कांग्रेस द्वारा समय की मांग थी। कांग्रेस आलाकमान ने मंत्रिपद के नामों पर मंथन के लिए वक्त की मांग की थी और संभवत बुधवार तक तस्वीर साफ हो जाएगी। इसके बाद ऐलान कर दिया जायेगा। 

कांग्रेस की ओर से इन विधायकों ने किया दावा
गौरतलब है कि सत्ताधारी दल में शामिल कई विधायकों ने मंत्रिपद पर अपना-अपना दावा किया है। कांग्रेस के इरफान अंसारी और उमाशंकर अकेला ने मंत्रिपद पर दावा किया। विधानसभा में पत्रकारों से मुखातिब उमाशंकर अकेला ने कहा कि मेरा राजनीतिक करियर 45 साल का है। 2 बार से विधायक हूं। मुझे मंत्रिपद मिलना चाहिए। वहीं, इरफान अंसारी ने कहा कि मैं 2 बार से विधायक हूं और डॉक्टर भी हूं। इस बीच कांग्रेस कोटे से मंत्रिपद के लिए दीपिका पांडेय सिंह के नाम की सर्वाधिक चर्चा है। 

सीता सोरेन ने भी मंत्रिपद पर किया दावा
झारखंड मुक्ति मोर्चा की तरफ से सोरेन परिवार की बड़ी बहू सीता सोरेन ने मंत्रिपद पर दावा किया है। उन्होंने कहा कि उनको गुरुजी (शिबू सोरेन) को आशीर्वाद मिल चुका है और फैसले पर अंतिम मुहर का इंतजार है। दुमका विधायक बसंत सोरेन ने कहा कि मंत्रिपद पर आलाकमान को फैसला करना है। वरीय झामुमो विधायक स्टीफन मरांडी ने कहा कि मेरी भी इच्छा मंत्री बनने की है।