द फॉलोअप डेस्क
गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न प्रखंडों से 500 से अधिक लोग भाजपा एवं अन्य राजनीतिक दलों को छोड़कर झारखंड मुक्ति मोर्चा में शामिल हो गए। विभिन्न पंचायतों से आए लोगों ने मंत्री मिथिलेश ठाकुर के आवास पर पहुंच कर विधानसभा चुनाव में उनका समर्थन करते हुए झामुमो की सदस्यता ग्रहण की। मंत्री ठाकुर ने सभी को माला व पार्टी का पट्टा पहनाकर मिठाई खिलाई और सभी को पार्टी में शामिल किया। पार्टी में शामिल हुए सभी लोगों ने मंत्री को भारी बहुमत से जिताने का संकल्प लिया।
इस मौके पर मंत्री ठाकुर ने कहा कि जनता को झूठा आश्वासन नहीं विकास चाहिए। गढ़वा में विकास विरोधी लोग जनता को बरगला कर सिर्फ झूठा आश्वासन देते हैं और जीत जाने के बाद सिर्फ अपनी पूंजी बनाने में लगे रहते हैं। किसी की ठेकेदारी चलती है तो कोई अपना निजी स्कूल, कॉलेज खोलने में लगा रहा है। जनता किस हाल में है, इसकी चिंता किसी को नहीं होती है।
ठाकुर ने कहा कि चुनाव के समय लोग घड़ियाली आंसू बहाते हुए जनता को भ्रमित करते हैं। पूर्व के जनप्रतिनिधियों के समय में गढ़वा बदहाल बना रहा। जनता भगवान भरोसे पड़ी रही। कहीं भी कोई काम नहीं हुआ। आज काफी कम समय में गढ़वा की तस्वीर बदल गई है। गढ़वा का विकास देखकर विरोधियों की नींद हराम हो गई है। अब वे हिंदू-मुस्लिम, जात पात की राजनीति करने में लगे हुए हैं। ऐसे मौकापरस्त लोगों एवं विकास विरोधियों का गढ़वा की जनता जमानत जब्त करायेगी।
