द फॉलोअप, रांची
रांची नगर निगम ने सरकारी और सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को वार्ड संख्या-45 के ग्वाला टोली, डोरंडा इलाके में अभियान चलाकर सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया। नगर निगम के अनुसार, डोरंडा स्थित खाता संख्या-213, प्लॉट संख्या-140 की करीब 1 एकड़ 20 डिसमिल सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जे और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की गई।

नगर निगम ने बताया कि अतिक्रमणकारियों को 3 सितंबर 2026 को 48 घंटे के भीतर स्वयं अवैध कब्जा हटाने का समय दिया गया था। निर्धारित अवधि समाप्त होने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए जमीन को कब्जामुक्त कराया। अभियान के दौरान 2 अवैध गैराज, 6 अवैध खटाल और एक शेडयुक्त दुकान समेत अन्य अवैध संरचनाओं को हटाया गया। कार्रवाई के बाद सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर उसके संरक्षण के लिए आवश्यक कदम उठाए गए।

रांची नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि सरकारी जमीन का निजी या व्यावसायिक गतिविधियों के लिए अनधिकृत उपयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। निगम ने कहा कि भविष्य में इस भूमि का उपयोग स्थानीय नागरिकों की सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं के विकास के लिए किया जा सकता है। नगर निगम ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे सरकारी जमीन, सड़क, फुटपाथ, नाली और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर अवैध कब्जा न करें और अतिक्रमण को बढ़ावा न दें। निगम ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाने पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
.jpeg)