द फॉलोअप डेस्क
पलामू के बरही धाम में विश्व का सबसे ऊंचा दुर्गा मंदिर बनने जा रहा है। यह भव्य मंदिर 551 फीट ऊंचा होगा, जो इसे दुनिया का सबसे ऊंचा दुर्गा मंदिर बना देगा। इसके साथ-साथ 151 फीट ऊंचा नवग्रह मंदिर भी परिसर में बनेगा। भूमि पूजन का आयोजन 14 मई को भव्य अनुष्ठान के साथ किया जाएगा। इस पावन कार्य के लिए 5 एकड़ से अधिक जमीन का अधिग्रहन किया गया है, जिसमें स्थानीय जमीनदाताओं का सहयोग रहा है।
यह मंदिर निर्माण एक अलौकिक घटना के बाद तय हुआ। मई 2022 में बराही धाम में हनुमान जी की 105 फीट ऊंची प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा के दौरान महायज्ञ के समय खुदाई में अष्टधातु की मां दुर्गा की प्रतिमा प्राप्त हुई थी। खुदाई में 2 सांप भी निकले जो पल भर में गायब हो गए। इस अद्भुत घटना को हजारों श्रद्धालुओं ने देखा और तभी निर्णय लिया गया कि यहां मां दुर्गा का भव्य मंदिर बनाया जाएगा।
बता दें कि बराही धाम पहले से ही श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र है। यहां स्थापित दक्षिणमुखी हनुमानजी की प्रतिमा के दर्शन हेतु झारखंड ही नहीं, बिहार, यूपी, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश से भी श्रद्धालु आते हैं। परिसर में हर मंगलवार को भंडारे का आयोजन होता है, जो पिछले ढाई वर्षों से जारी है। इस दिव्य मंदिर का निर्माण शिवांश चैरिटेबल ट्रस्ट के द्वारा कराया जा रहा है। ट्रस्ट संयोजक रंधीर कुमार सिंह ने बताया कि मंदिर सिर्फ एक स्थापत्य चमत्कार नहीं, बल्कि श्रद्धा और विश्वास का प्रतीक होगा।