द फॉलोअप डेस्क
रांची के रातू रोड के पिस्का मोड़ इलाके में लगाए गए साइन बोर्ड में काफी गड़बड़ियां नजर आ रही हैं। वहां के निवासियों का कहना है कि कई जगह मोहल्लों के नाम गलत लिखे गए हैं। इसके अलावा कुछ जरूरी जगहों पर तो बोर्ड ही नहीं लगाए गए हैं। इस कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि गया प्रसाद चौधरी लेन की जगह फिर से मेट्रो गली लिख दिया गया, यह बिल्कुल गलत है। वहीं दयाल नगर के बजाय मनेर गली लिखा गया है। कुछ बड़े इलाकों में तो बोर्ड ही दिखाई नहीं दे रहे हैं। ऐसे में नए लोग या जो बाहर से आए हुए हैं, वह रास्ता भटक जाते हैं।
स्थानीय लोगों ने कहा कि बिना ठीक से जांच-पड़ताल किए ऐसे बोर्ड लगा दिए गए हैं। इससे लोग कन्फ्यूज हो रहे हैं और इलाकों की असली पहचान भी गड़बड़ हो रही है। लोगों का कहना है कि वे इस बारे में लिखित शिकायत नगर निगम को देंगे। वे नगर निगम से मांग करेंगे कि सारे नामों को सही किया जाए। इसके अलावा जहां आवश्यकता है, वहां बोर्ड लगाए जाएं। लोगों का कहना है कि गलती किसी से भी हो सकती है, लेकिन इसे सुधारना भी जरूरी है।