logo

Budget Session 2022 : साहिबगंज जहाज दुर्घटना पर गरमाया सदन, बाबूलाल मरांडी ने की CBI जांच की मांग

GANGAGHAT.jpg

रांची: 

साहेबगंज से बिहार के मनिहारी जा रहे हाइवा लदे जहाज दुर्घटना मामले में सदन में जोरदार हंगामा हुआ। बीजेपी के मुख्य सचेतक बिरंची नारायण (biranchi narayan) ने सूचना के तहत सदन की कार्यवाही शुरू होते ही यह मामला लाया।

उन्होंने कहा कि साहेबगंज (Sahibganj) से अवैध स्टोन चिप्स (Stone Chips) को बिहार के मनिहारी में अवैध घाट पर उतारा जाता है। इसी क्रम में यह दर्दनाक घटना हुई है। उन्होंने साहेबगंज के डीसी और एसपी को अविलंब बर्खास्त करने की मांग की। कहा कि घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। 

शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई! 
पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी (Babulal Marandi) ने कहा कि वर्ष 2021 में ही उन्होंने स्टोन चिप्स की कालाबाजारी को लेकर बिहार और झारखंड के मुख्यमंत्री को पत्र लिखा था लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। कहा कि यह अवैध धंधा बहुत पहले से चल रहा है। उन्होंने कहा कि यह अवैध धंधा डीसी और एसपी की देख-रेख में हो रहा है। उन्होंने दोषी पदाधिकारी पर कार्रवाई की मांग की। साथ ही पूरे मामले की जांच सीबीआई (CBI) से कराने की मांग की। कहा कि सच्चाई सामने आनी चाहिये। 

लोबिन हेंब्रम ने भी उठाया मामला
झामुमो विधायक लोबिन हेंब्रम (Lobin Hembram) ने कहा कि जो जहाज दुर्घटनाग्रस्त हुआ है उस पर अवैध तरीके से पत्थर जा रहा था। कहा कि उनके ही विधानसभा क्षेत्र से पत्थर जाता है। लगातार वो इस बात को सदन में उठाते रहे हैं। लोबिन हेंब्रम ने कहा कि फेरी घाट से ओवर लोडेड ट्रक जाता है। राजस्व की हानि हो रही है। तुरंत जांच हो और दोषियों पर कार्रवाई हो।

विधायक अनंत ओझा (Anant Ojha) ने कहा कि मनिहारी-साहेबगंज फेरी सेवा (Sahibganj Manihari Ganga Ferry Ghat) चलती है। रात के अंधेरे में अवैध कारोबार होता है। जवाब में संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि साहेबगंज में फेरी घाट संचालित है। 2 वर्ष बिहार का और 2 वर्ष झारखंड का अधिकार रहता है। 

संसदीय कार्यमंत्री ने दिया जवाब
इस जगह से यात्री और मालवाहक दोनों जहाज चलता है। संसदीय कार्यमंत्री (Parliamentary Affairs Minister Alamgir Alam) ने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार पूरी जानकारी ले रही है। कहा कि अवैध खनन की जानकारी नहीं है। जानकारी लेकर कार्रवाई करेंगे। मंत्री के जवाब के बाद विपक्ष के सदस्य वेल में आकर हंगामा करने लगे।

स्पीकर बार-बार विधायकों से आसान पर बैठने का आग्रह करते रहे लेकिन हंगामा जारी रहा। बाद में स्पीकर ने सदन की कार्यवाही को 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।