logo

झारखंड में 5 दिनों तक होगी भारी बारिश, बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ रहा चक्रवात

वोीगेप35.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड में 5 दिनों तक भारी बारिश का अनुमान मौसम विभाग ने जारी किया है। कहा है कि 11 से 15 सितंबर तक झारखंड में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। कहीं-कहीं गरज के साथ वज्रपात की भी आशंका है। 13 सितंबर को झारखंड के उत्तरी-पूर्वी भागों यानी संताल परगना 6 जिलों (देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज) के साथ-साथ धनबाद और गिरिडीह जिले में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है।

 
मौसम विभाग ने 14 सितंबर के लिए येलो और ऑरेंज दोनों अलर्ट जारी किया हैय़ यानी इस दिन कुछ जगहों पर भारी वर्षा होगी, तो कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। 14 सितंबर को उत्तरी-मध्य झारखंड में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की चेतावनी जारी की गई हैय़ वहीं, उत्तरी भागों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है। 


15 सितंबर को उत्तरी-मध्य एवं निकटवर्ती मध्य भागों में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। इसके मुताबिक, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, रांची और रामगढ़ जिले में गरज के साथ भारी बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर वज्रपात होने की भी आशंका हैय़ इसलिए लोगों को सावधान और सतर्क रहने की जरूरत है। 


दरअसल म्यांमार से एक चक्रवात तटीय बांग्लादेश और बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ रहा है। 2 दिन में पश्चिमोत्तर बंगाल की खाड़ी में पहुंचने का अनुमान है। इस चक्रवात की वजह से झारखंड में 5 दिन तक बारिश होगी। मौसम केंद्र ने कहा है कि मानसून ट्रफ राजस्थान के बीकानेर, सीकर, होते हुए मध्यप्रदेश और उससे सटे पेंड्रा रोड, राउरकेला, दीघा के रास्ते आगे बढ़ रहा है, जो बंगाल की खाड़ी की ओर जाएगा।