logo

Jharkhand weather Update : झारखंड में 20 मई के बाद होगी बारिश, उमस सताएगी

वो्ोत24.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 
राज्य में दूसरे चरण का मतदान 20 मई को होना है। इस दिन कोडरमा, चतरा और हजारीबाग में मतदान होना है। मतदान के दिन कोडरमा में 39 से 41, हजारीबाग में 38-40 तथा चतरा में 39 से 41 डिग्री सेसि के बीच तापमान रह सकता है। 19 मई को संताल परगना और पलामू प्रमंडल में हीट वेव की चेतावनी है। वहीं, पूर्वी, मध्य और दक्षिणी जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ बारिश का अनुमान है। तेज गति की हवा भी चल सकती है। मौसम केंद्र ने अनुमान किया है कि राज्य के कई हिस्सों में 24 मई तक हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। मौसम में लगातार बदलाव देखने के लिए मिलेगा।


झारखंड में 20 मई को लोकसभा की तीन सीटों हजारीबाग, कोडरमा और चतरा के लिए मतदान होना है। मौसम विभाग की ओर से मतदान के दिन के लिए इन तीनों संसदीय क्षेत्रों के लिए अलग से स्पेशल बुलेटिन जारी कर अधिकतम तापमान, हीट वेव और तेज हवा चलने के बारे में जानकारी दी गई। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 20 मई को तीनों संसदीय क्षेत्रों में का अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। इस दौरान कुछ इलाकों में लू चलने की भी आशंका जताई गई है।


वहीं झारखंड के अधिकांश हिस्सों में 20 मई के बाद बादल छाएंगे और कहीं-कहीं तेज हवा व वज्रपात के साथ हल्की बारिश होगी। लेकिन हवा में आद्रता बढ़ने से न्यूनतम पारा सामान्य से चार डिग्री ऊपर है। इससे उमस भरी गर्मी लोगों सताएगी। मौसम विभाग के अनुसार रांची में अगले 24 घंटे बादल छाए रहेंगे। तेज हवा के साथ बारिश के आसार हैं। दो दिन से बादल छाए रहने के बाद शनिवार को छिटपुट बारिश भी हुई। इससे अधिकतम पारा पिछले 24 घंटों की तुलना में 6.0 डिग्री नीचे गिर गया। यहां का अधिकतम तापमान 32.3 और न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री दर्ज किया गया। विभाग के मुताबिक मौसम में बदलाव के बावजूद अगले तीन दिन में रांची का अधिकतम पारा 39.0 डिग्री तक जा सकता है। इससे लोगों को गर्मी परेशान कर सकती है।


झारखंड के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ रही है, तो कुछ हिस्सों राहत मिल रही है। पलामू और संताल परगना में जबरदस्त गर्मी पड़ रही है। गढ़वा में सबसे अधिक तापमान रहा। वहां का तापमान 42.7 डिग्री सेसि है। पलामू का तापमान 42.6 डिग्री सेसि है। संताल परगना के भी करीब-करीब सभी जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेसि से अधिक है। 
वहीं राज्य के मध्य हिस्से और कोल्हान के लोगों को गर्मी से राहत है। राजधानी का अधिकतम तापमान शुक्रवार की तुलना में करीब छह डिग्री सेसि नीचे चला गया। जमशेदपुर का अधिकतम तापमान भी 37 डिग्री सेसि के आसपास रहा। हजारीबाग और आसपास में भी अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेसि के आसपास रहा।
 

Tags - Jharkhand Weather Weather Updates Jharkhand Weather Summer in Jharkhand Summer Weather