logo

घाटशिला उपचुनाव : भाजपा के लिए आसान नहीं रही यह सीट, एक ही बार खिला है कमल

hemant_champaai.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में घाटशिला उपचुनाव को लेकर सुगबुगाहट शुरू हो चुकी है। एक ओर झारखंड मुक्ति मोर्चा और दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी है। घाटशिला विधानसभा सीट तत्कालीन स्वर्गीय मंत्री रामदास सोरेन के निधन के बाद से खाली हो गई है। ऐसे में 6 महीनों के भीतर यहां उप चुनाव सुनिश्चित है। झामुमो संभवतः रामदास सोरेन के बड़े बेटे सोमेश सोरेन या उनकी पत्नी को चुनावी मैदान में उतार सकती है। वहीं भाजपा की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के बेटे बाबूलाल सोरेन प्रबल दावेदार है। चंपाई सोरेन अपने बेटे को लेकर अनौपचारिक प्रचार प्रसार भी शुरू कर दिया है।

झामुमो छोड़ भाजपा में जाने के बाद चंपई सोरेन कोल्हान क्षेत्र में भाजपा के सबसे बड़े आदिवासी चेहरा हैं। 2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को उम्मीद थी कि चंपई सोरेन कोल्हान में भाजपा को अच्छी-खासी सीट दिला सकते हैं। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। परिणाम पूरा उल्टा पड़ गया। भाजपा कोल्हान से केवल 2 सीट निकाल पाई एक सरायकेला और एक जमशेदपुर पूर्वी। इसके अलावा कोई सीट भाजपा के खाते में नहीं आई। अब यह घाटशिला का उपचुनाव चंपाई सोरेन के लिए एक मौका और पार्टी में अपना प्रभाव बढ़ाने का भी मौका है। फिलहाल झामुमो और भाजपा की ओर से चुनाव कौन लड़ेगा यह अभी फाइनल नहीं है लेकिन भाजपा की ओर से बाबूलाल सोरेन के अलावा टिकट की रेस में कोई आगे दिख नहीं रहा। वहीं झामुमो रामदास सोरेन के परिवार से संभवतः उनके बेटे या उनकी पत्नी को चुनाव लड़ा सकती है।

बात अगर झारखंड गठन के बाद के चुनावी परिणाम की की जाए तो भाजपा का गढ़ काफी कमजोर है। यहां भाजपा को केवल एक बार जीत मिली वह साल 2014 के चुनाव में। उस समय लक्ष्मण टुडू ने जीत हासिल की। लेकिन साल 2019 के चुनाव में भाजपा ने उन्हें दोबारा टिकट नहीं दिया। ऐसे में पिछले विधानसभा चुनाव में वह भाजपा छोड़ झामुमो में शामिल हो गए। ऐसे में घाटशिला में भाजपा का जीता हुआ एकलौता विधायक भी पार्टी में नहीं रहा। 
 

2024 के चुनाव में रामदास ने बाबूलाल को दी थी मात
साल 2024 के चुनाव की बात करें तो इस चुनाव में झामुमो के रामदास सोरेन और भाजपा के बाबूलाल सोरेन आमने-सामने थे। इसके अलावा चुनाव में JLKM ने भी अपना उम्मीदवार दिया था। रामदास सोरेन को कुल 98,356 वोट मिले थे। वहीं बाबूलाल सोरेन को 75,910 वोट मिले थे। JLKM के रामदास मुर्मू को 8,092 वोट मिले थे। इस चुनाव में भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन 22446 मतों से पराजित हुए।

2019 चुनाव में भी भाजपा को मिली थी हार
साल 2019 के चुनाव में भाजपा और आजसू ने अलग होकर लड़ा था। इसका भारी नुकसान दोनों पार्टियों को हुआ और इसका फायदा झामुमो उठा ले गया। झामुमो से रामदास सोरेन, भाजपा से लखन चंद्र मार्डी और आजसू से प्रदीप बालमुचू के बीच त्रिकोणीय मुकाबला हुआ। भाजपा को नुकसान यह हुआ कि आजसू के वोटर उससे अलग हो गए। रामदास सोरेन को कुल 63,531 वोट मिले, लखन चंद्र मार्डी को 56,807 वोट मिले और आजसू से प्रदीप बालमुचू को कुल 31,910 वोट मिले थे। इस चुनाव में रामदास सोरेन ने लखन चंद्र मार्डी को 6,724 वोट से हराया।  कहा जाता है कि अगर भाजपा और आजसू मिल कर चुनाव लड़ते तो परिणाम कुछ दूसरा होता। बलमुचू उस क्षेत्र के कद्दावर नेता हैं और घाटशिला विधानसभा से साल 2000 और 2005 में चुनाव जीत चुके हैं। 


2014 चुनाव में भाजपा ने गाड़ा था झंडा
झारखंड गठन के बाद घाटशिला विधानसभा चुनाव में पहली बार साल 2014 के चुनाव में भाजपा ने जीत हासिल की थी। इस चुनाव में भाजपा के लक्ष्मण टुडू ने जीत हासिल की थी। उन्हें कुल 52,506 वोट मिले थे। वहीं झामुमो से रामदास सोरेन को 46,103 वोट मिले थे और कांग्रेस से प्रदीप बालमुचू की बेटी सिंड्रेला बालमुचू को 36,672 वोट मिले थे। इस चुनाव में लक्ष्मण टुडू ने 6,403 वोटों से रामदास सोरेन को हराया था। यहां जो फैक्टर भाजपा के साथ साल 2019 में हुआ वही यहां झामुमो के साथ हुआ। झामुमो-कांग्रेस ने चुनाव अलग होकर लड़ा था। इस कारण झामुमो-कांग्रेस के वोट बंट गए थे। इसका लाभ भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मण टुडू को मिला।

2009 में पहली बार रामदास जीते थे चुनाव
2009 के चुनाव में रामदास सोरेन पहली बार विधायक बने थे। झामुमो के टिकट पर उन्होंने चुनाव लड़ा था। लेकिन उनकी जीत का मार्जिन बहुत कम था। इस चुनाव में रामदास सोरेन को कुल 38,283 वोट मिले थे। वहीं कांग्रेस से प्रदीप बालमुचू को 37,091 वोट मिले थे और भाजपा से सूर्या सिंह बेसरा ने चुनाव लड़ा था और उन्हें कुल 28,561 वोट मिले थे। इस चुनाव में रामदास सोरेन ने प्रदीप कुमार बलमुचू को महज 1192 मतों के अंतर से हरा दिया।


2005 और 2000 में कांग्रेस ने जीता था चुनाव
पहले बात करते हैं साल 2005 के चुनाव की। इस बार का चुनाव झामुमो और कांग्रेस ने एक साथ लड़ा था। ऐसे में झामुमो से नाराज होकर रामदास सोरेन ने स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था। भाजपा से रामदास हांसदा ने और आजसू से कान्हू सामंत ने चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में प्रदीप बालमुचू को कुल 50,936 वोट मिले थे, स्वतंत्र उम्मीदवार रामदास सोरेन ने भी बढ़िया प्रदर्शन किया था। उन्हें कुल 34,489 वोट मिले थे, रामदास हांसदा को 21,352 वोट मिले थे और कान्हू सामंत को 15,187 वोट मिले थे। प्रदीप बालमुचू ने इस चुनाव में रामदास सोरेन को 16,447 वोटों से पराजित किया था।

वहीं अगर बात साल 2000 के चुनाव की करें तो इस चुनाव में कांग्रेस ने ऐतिहासिक जीत हासिल की थी। प्रदीप कुमार बालमुचू को कुल 50,645 वोट मिले थे। वहीं भाजपा से बैजू मुर्मू को 18,769, भाकपा के बबलू मुर्मू को 16,353 और झामुमो के शंकर चंद्र हेम्ब्रम को 9,891 वोट मिले थे। इस चुनाव में प्रदीप बालमुचू ने बैजू मुर्मू को 31,876 वोटों के भारी अंतर से हराया था।

इन आंकड़ों से यह स्पष्ट होता है कि भाजपा के लिए घाटशिला विधानसभा उप चुनाव टफ सीट है। लेकिन बाबूलाल सोरेन का 2024 के विधानसभा चुनाव में पराजय के बाद भी क्षेत्र में लगातार संपर्क और कोल्हान टाईगर चंपाई सोरेन की पहुंच उसे मजबूती प्रदान कर रहा है। उस क्षेत्र के भाजपा के अन्य बड़े नेताओं का समर्थन भी मजबूती को और बल देगा। लेकिन रामदास सोरेन की असमय हुई मृत्यु से उपजी सहानुभूति भी रामदास सोरेन परिवार के लिए कम नहीं है। आदिवासी बहुल इस जनजातीय सीट पर झामुमो का भी प्रभाव है। इसके अलावा कांग्रेस का समर्थन उसे और मजबूती प्रदान कर रहा है। इस तरह कुल मिला कर घाटशिला उप चुनाव के शुरू से ही संघर्षमय होने की पूरी संभावना है। यहां कांटे का संघर्ष तीखा भी हो सकता है।




 

Tags - Ghatshila By Election latest ghatshila By Election news Ghatshila Byelection news Jharkhand News jharkhand news updates latest jharkhand news jharkhand News updates latest political news jharkhand politics jharkhand plitical news Jharkhand news