नंदलाल तुरी
पाकुड़ जिले के सदर प्रखंड के कशिला कोल्ड स्टोरेज में रखे गए किसानों के हजार क्विंटल आलू सड़ गए, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है। पाकुड़ सदर प्रखंड किसान-बहुल क्षेत्र होने के कारण यह नुकसान काफी चिंता का विषय है। जानकारी के अनुसार, किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने इस कोल्ड स्टोरेज की आधारशिला रखी थी। कोल्ड स्टोरेज का उद्घाटन वर्ष 2024 में विधायक निसात आलम ने किया था, जिसके बाद संचालन का जिम्मा टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से एजेंसी को सौंपा गया।
कोल्ड स्टोरेज के कर्मचारी ने बताया कि बिजली की नियमित आपूर्ति नहीं होने के कारण आलू सड़ गए। वहीं, सहकारिता पदाधिकारी ने कहा कि कोल्ड स्टोरेज में बिजली व्यवस्था का जिम्मा संचालन एजेंसी का है और किसानों को हुए नुकसान की पूरी जिम्मेदारी कोल्ड स्टोरेज संचालक की होगी। अब यह देखना बाकी है कि किसानों के नुकसान की भरपाई कब तक की जाएगी और उन्हें उचित राहत मिलेगी।
