logo

रांची नगर निगम मेयर पद : भाजपा के तीन और झामुमो के पांच नेताओं ने नामांकन वापस लिया

RMC0023.jpg

द फॉलोअप डेस्क

रांची नगर निगम के मेयर पद के चुनाव पार्टी समर्थित प्रत्याशी के अलावा भाजपा और झामुमो के अन्य नेताओं ने आज अपना नामांकन वापस ले लिया। इस तरह दोनों ही दलों को राहत की सांस मिली है। भाजपा से जुड़े राजेंद्र मुंडा, सुनील फकीरा कच्छप और संजय टोप्पो ने अपना अपना नामांकन वापस लिया। मालूम हो कि रांची नगर निगम के मेयर पद के लिए भाजपा ने रोशनी खलखो का समर्थन किया है। वहीं आजसू से जुड़े और चडरी सरना समिति के प्रधान महासचिव तथा केंद्रीय सरना समिति के वरिष्ठ सदस्य सुरेंद्र लिंडा नामांकन वापस नहीं लेकर चुनाव मैदान में डटे रह गए। स्क्रूटनी के बाद चुनाव मैदान में कुल 19 प्रत्याशी रह गए थे। आठ के द्वारा नामांकन वापसी के बाद अब चुनाव मैदान में कुल 11 प्रत्याशी डटे रह गए।

इधर झामुमो ने सुजीत विजय आनंद कुजूर का समर्थन किया है। झामुमो से पांच अन्य नेताओं ने भी मेयर पद के लिए नामांकन किया था। सुजीत विजय आनंद कुजूर के अलावा नामांकन करेवाली कथरीना तिर्की, रामशरण तिर्की, अजीत लकड़ा, सुजीत कुमार कुजूर और वीरु तिर्की ने भी अपना नामांकन वापस ले लिया। नामांकन वापस कराने में रांची जिला झामुमो अध्यक्ष मुश्ताक आलम प्रमुख भूमिका निभायी। पार्टी हाईकमान के निर्देश पर उन्होंने नामांकन करने वाले अन्य नेताओं को समझाया-बुझाया और अंततः सफलता भी पायी।

Tags - Ranchi Municipal Corporation Mayor post withdrawal of nomination BJP JMM AJSU