द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर से ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां जिले के उलीडीह थाना क्षेत्र के डिमना रोड स्थित सर्वोदय पथ में शनिवार दोपहर साधु के वेश में आए ठगों ने एक महिला से करीब दो लाख रुपये के सोने के गहने ठग लिए। पीड़िता की पहचान कंचन देवी के रूप में की गई है। पीड़िता के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब एक बजे तीन अज्ञात बदमाश साधु के वेश में उनके घर पहुंचे। खुद को साधु बताते हुए उन्होंने पहले खाने के लिए चावल मांगे। महिला ने उन्हें चावल दे दिया। इसके बाद एक साधु ने महिला को एक पत्थर देकर दावा किया कि उसमें चमत्कारी शक्ति है और वह पत्थर सोना बना सकता है।
बदमाशों ने झांसे में लेकर महिला को एक कागज में पैसे और रुद्राक्ष लपेटने को कहा। जब महिला ने कागज खोला तो उसमें शिवजी की एक छोटी मूर्ति निकली। इसके बाद साधुओं ने महिला से घर में रखे सोने के गहने लाने को कहा और दावा किया कि उन गहनों में मंत्र सिद्ध कर देने से उनका भाग्य बदल जायेगा। महिला ने विश्वास में आकर सोने की चेन और जतीया साधुओं को सौंप दी।
ठगों ने गहनों को एक पोटली में बांधकर महिला को थमाया और हिदायत दी कि शाम तक इसे न खोलें। साधुओं ने पानी भी मांगा, जिसे महिला देने घर के भीतर चली गई। इसी दौरान ठग मौके से फरार हो गए। बच्चों को स्कूल से लाने के बाद जब महिला ने पोटली खोली तो उसमें सोने के गहनों की जगह केवल रुद्राक्ष और शिवजी की मूर्ति थी। तब जाकर महिला को ठगी का अहसास हुआ। .jpeg)
पीड़िता ने बताया कि घर के अंदर केवल एक साधु गया था, जबकि उसके दो साथी बस्ती में इधर-उधर घूम रहे थे। तीनों ने सुनियोजित तरीके से ठगी की वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी पति चंदन कुमार को देने के बाद मामला उलीडीह थाना पहुंचा। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ठगी की पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस बदमाशों की पहचान करने में जुटी हुई है।
शहर में सक्रिय हैं साधु वेशधारी ठग
शहर की गलियों और आसपास के इलाकों में इन दिनों साधु के वेश में ठग सक्रिय हैं। ये बदमाश खासकर घर में अकेली रहने वाली महिलाओं को अपना निशाना बना रहे हैं। गली-मोहल्लों के साथ-साथ सड़कों पर भी इनके आतंक की शिकायतें सामने आ रही हैं। इससे पहले भी इस तरह की कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक पुलिस को खास सफलता नहीं मिल पाई है।
घटना के बाद सर्वोदय पथ और आसपास की बस्ती में अफरा-तफरी का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना थाना को दें।