logo

जमशेदपुर में नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 111 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार

ब्राउन_शुगर1.jpg

द फॉलोअप डेस्क

जमशेदपुर में सिदगोड़ा थाना पुलिस ने भालूबासा टीओपी के समीप जर्जर क्वार्टर में रविवार देर रात छापेमारी कर ब्राउन शुगर तस्करी के आरोप में एक महिला और एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के पास से कुल 100 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की है।
थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी के दौरान पुलिस को देखते ही दोनों आरोपी भागने लगे, लेकिन तत्परता दिखाते हुए उन्हें पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान युवक की जेब से 25 पुड़िया, जबकि महिला के पास से 75 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई। गिरफ्तार महिला की पहचान भुइयांडीह छायानगर निवासी प्रीति कुमारी के रूप में हुई है, जबकि युवक राहुल सांडिल बागुनहातु रोड नंबर-3 का रहने वाला है। महिला के पास से 5,480 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे आदित्यपुर से ब्राउन शुगर लाकर इलाके में खपाते थे। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है। छापेमारी टीम में थाना प्रभारी के अलावा डीएसपी भोला प्रसाद सिंह, एसआई विकास कुमार, राजूलाल स्वांसी समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
सोनारी में 11 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार
उधर, सोनारी थाना पुलिस ने रविवार रात परदेशी पाड़ा बस्ती स्थित एक घर में छापेमारी कर 11 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ युवक श्याम ठाकुर को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, श्याम ठाकुर पूर्व में चोरी के एक मामले में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ सोनारी थाना में दो, जबकि बिष्टुपुर और चौका थाना में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand latest news jamshedpur news jamshedpur khabar jamshedpur update