logo

पलामू के सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के 3 बच्चों को NEET-UG परीक्षा 2026 में मिली सफलता

school22.jpg

मेदिनीनगर/पलामू:

पलामू के मेदिनीनगर स्थित सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के 3 विद्यार्थियों ने नीट-यूजी परीक्षा में सफलता हासिल की है। ऋषि राज आनंद ने 594 अंक लाकर ऑल इंडिया रैंक 11,995 हासिल किया है जबकि शुभम कुमार गुप्ता ने 506 अंकों के साथ ऑल इंडिया रैंक 82,065 प्राप्त किया है। अविक पांडेय ने 505 अंक लाकर पूरे देश में 83,481 रैंक हासिल किया है। ऋषि राज आनंद, शुभम और अविक पांडेय की सफलता से यह साबित हुआ है कि कड़ी मेहनत और लगन से सरकारी स्कूल के बच्चे भी नीट-यूजी जैसी कठिन प्रतियोगिता परीक्षा में कामयाबी हाासिल कर सकते हैं। इनकी सफलता न केवल सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, बल्कि पूरे पलामू जिले के लिए काफी गर्व और प्रेरणा की बात है। 

सरकारी स्कूल के बाकी बच्चों को मिलेगी प्रेरणा
स्थानीय लोगों का ऐसा मानना है कि सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के इन तीन बच्चों की कामयाबी से सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले बाकी बच्चों को भी प्रेरित करेगी। हजारों विद्यार्थियों को बड़ा लक्ष्य निर्धारित करने की हिम्मत मिलेगी। पलामू के डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने तीनों सफल विद्यार्थियों को बधाई और उज्जवल भविष्य की शुभकामना दी है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की कामयाबी पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। 

डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने दी बधाई
उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि सरकारी स्कूल के बच्चों ने यह साबित किया है कि यदि लक्ष्य स्प्ष्ट हो, ईमानदारी से मेहनत किया जाए और टीचर्स का उचित मार्गदर्शन मिले तो सफलता मिलती है। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर शैक्षणिक वातावरण और विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने की दिशा में लगातार काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस जैसे संस्थानों से तैयार हो रहा बेहतर शैक्षणिक माहौल अब रिजल्ट के रूप में सामने आ रहा है।

उपायुक्त ने भरोसा जताया कि आने वाले वर्षों में पलामू के और अधिक विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता परीक्षाओं में सफलता हासिल करके जिले का नाम रौशन करेंगे। 

Tags - NEET UG ExamCM School of Excellence PalamuSchool EducationCM Hemant