logo

गर्मी और लू को लेकर झारखंड में बदला स्कूलों का समय, जानें किस वक्त होंगी कक्षाएं संचालित

1291.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में  गर्मी की तपिश दिनोदिन बढ़ती जा रही है। कई जिलों का पारा 43 डिग्री से ऊपर हो गया है। लू चल रही है। ऐसे में बढ़ती गर्मी और लू देखते हुए राज्य सरकार ने सभी स्कूलों की टाइमिंग चेंज कर दी है। अब स्कूलों में कक्षाएं सुबह 7 बजे से लेकर 12 बजे तक ही संचालित होंगी। दरअसल शिक्षा विभाग के सचिव के रवि कुमार की ओर से झारखंड के सभी सरकारी, गैर सरकार सहायता प्राप्त व निजी स्कूलों के लिए समय निर्धारित कर दी है। इसके तहत 19 अप्रैल से केजी से लेकर पांचवीं तक की कक्षाएं सुबह 7.00 से 11.00 बजे तक ही संचालित होंगी। उसी प्रकार छठी कक्षा से ऊपर तक की कक्षाएं सुबह 7.00 बजे से लेकर 12.00 बजे तक ही संचालित करने का निर्देश दिया गया है। सचिव ने स्पष्ट किया है कि इस अवधि में प्रार्थना सभा या खेलकूद सहित अन्य गतिविधियां धूप में संचालित नहीं की जाएंगी। लेकिन मध्याह्न भोजन का संचालन जारी रहेगा।

25 अप्रैल तक के लिए जारी हुआ निर्देश
स्कूलों के समय को लेकर शिक्षा विभाग के सचिव की ओर से जारी आदेश फिलहाल 25 अप्रैल तक के लिए है। मतलब इसके आगे गर्मी व लू की स्थिति को देखते हुए निर्णय लिया जाएगा। वैसे सचिव ने कहा है कि इस अवधि में बच्चों की पढ़ाई में होने वाली क्षति की भरपाई के संबंध में अलग से निर्णय लेते हुए सूचित करने की बात कही गई है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करेंhttps://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT