logo

आज 4 प्रत्याशी करेंगे शक्ति प्रदर्शन, मनीष, जेपी, अनुपमा सहित जयराम महतो भरेंगे नामांकन पर्चा

जीोोू.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 
1 मई को हजारीबाग में दो पार्टियां अपनी ताकत दिखाएंगी। कांग्रेस से जयप्रकाश भाई पटेल चुनावी मैदान में हैं। जो वर्तमान में मांडू से विधायक भी हैं। जय प्रकाश भाई पटेल भी नामांकन के दौरान हजारीबाग में अपनी ताकत दिखाने वाले हैं। झारखंड के मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन समेत कई मंत्री हजारीबाग पहुंचने वाले हैं। इतना ही नहीं नामांकन के दौरान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष समेत कई राष्ट्रीय और राज्य स्तर के नेता मौजूद रहेंगे। नामांकन दाखिल करने के बाद जिला स्कूल के मैदान में सभा को संबोधित करेंगे। जयप्रकाश भाई पटेल का कहना है कि यह शक्ति प्रदर्शन नहीं होगा। बल्कि इस दौरान समर्थक एकजुटता दिखाएंगे। 


आशीर्वाद सभा का आयोजन किया जाएगा
वहीं हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी मनीष जायसवाल बुधवार को नामांकन दाखिल करेंगे। इस अवसर पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री सह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, दीपक प्रकाश समेत गठबंधन के एक दर्जन से अधिक नेता मौजूद रहेंगे। भाजपा प्रत्याशी मनीष जायसवाल ने बताया कि नामांकन दाखिल करने से पूर्व कर्जन ग्राउंड में नामांकन सह आशीर्वाद सभा का आयोजन किया जाएगा। जिसमें हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सभी पांचों विधानसभा क्षेत्र हजारीबाग सदर, बड़कागांव, मांडू, बरही व रामगढ़ से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता यहां जनसभा में शामिल होंगे। जनसभा के बाद सांसद प्रत्याशी मनीष जायसवाल नामांकन दाखिल करने हजारीबाग समाहरणालय पहुंचेंगे।

अनुपमा करेंगी नामांकन
वहीं एक मई यानी आज धनबाद लोकसभा सीट से इंडिया महागठबंधन सह कांग्रेस की प्रत्याशी अनुपमा सिंह अपना नामांकन दाखिल करेंगी। दोपहर एक बजे अनुपमा उपायुक्त कार्यालय पहुंचेंगी। नामांकन के बाद अपराह्न तीन बजे से धनबाद स्थित गोल्फ ग्राउंड में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, कल्पना सोरेन, झारखंड कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद, प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर समेत कई मंत्री व नेता होंगे शामिल होंगे। उक्त कार्यक्रम में इंडिया महागठबंधन के सभी घटक दलों से भारी संख्या में लोग पहुंचेंगे। 


जयराम महतो करेंगे नामांकन 
वहीं जेबीकेएसएस के केंद्रीय अध्यक्ष टाइगर जयराम महतो भी एक मई को गिरिडीह लोकसभा सीट के लिए नामांकन करेंगे। वह चार सेट में अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इसके लिए उन्होंने सोमवार को उपायुक्त कार्यालय बोकारो में नामांकन पत्र खरीद लिया है। नामांकन पर्चा भरने के बाद वह एक बजे दिन को चास के जेल मोड़ कमलडीह के मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। जानकारी देते हुए जेबीकेएसएस के महासचिव लोकेश महतो ने बताया कि इसके लिए जिला प्रशासन से स्वीकृति ले ली गई है। गिरिडीह लोकसभा के लिए टाइगर जयराम महतो का नामांकन ऐतिहासिक होगा।
 

Tags - Nomination in Hazaribagh Hazaribagh Manish Jaiswal Hazaribagh Latest News Manish JP Anupama Jairam Mahato