logo

जगरनाथ महतो के निधन के बाद आज होने वाली कैबिनेट की बैठक स्थगित 

shok.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 
आज झारखंड कैबिनेट की बैठक होने वाली थी। जिसे झारखंड के शिक्षा मंत्री जगन्नाथ महतो के निधन के बाद स्थगित कर दिया गया है। जगरनाथ महतो का यूं अचानक चले जाना पूरे राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है। पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है। शोकाकुल राजनीतिक गलियारों में उनके प्रति शोक व्यक्त किया जा रहा है। ऐसे में आज की बैठक को स्थगित कर दिया गया है। मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग ने सूचना जारी कर दी है। जगरनाथ महतो का गुरुवार सुबह ही निधन हुआ है। उनके बेटे  राजू महतो ने सबसे पहले इस बात की जानकारी दी है। जगरनाथ महतो एक जमीनी नेता के तौर पर हमेशा याद किये जाएंगे। आज झारखंड ने एक आंदोलनकारी नेता को खो दिया है। जगरनाथ महतो झारखंड कैबिनेट के दूसरे मंत्री है जिनका निधन हुआ है। इससे पहले मंत्री हाजी हुसैन अंसारी का भी निधन हुआ था। 

 


राज्य के लिए एक अपूरणीय क्षति

जगरनाथ महतो के निधन के बाद झारखंड में शोक की लहर दौड़ गई है। सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ओर से तमाम नेताओं के द्वारा ट्वीट कर शोक जताया जा रहा है। सीएम हेमंत सोरेन ने इसे एक अपूरणीय क्षति बताया है। इधर विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने भी जगन्नाथ महतो के निधन पर शोक जताया है। ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम ने भी कहा कि वह सब के इतने चहेते थे, सब लोग उनसे इतना प्यार करते थे कि उनको प्यार से टाइगर नाम दे दिया गया था। उनका जाना इस राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है। राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने शोक जताते हुए कहा कि हम सबने एक कदावर नेता को खो दिया है।