नंदलाल तुरी
पाकुड़ जिले के महेशपुर प्रखंड में ट्रैक्टर यूनियन ने बालू उठाव की मांग को लेकर सोमवार को सड़क जाम किया। बाबूपुर के पास महेशपुर-पाकुड़ मुख्य मार्ग पर हुए इस जाम को प्रशासन के आश्वासन के बाद चार घंटे में समाप्त किया गया।
यूनियन के सदस्यों ने बताया कि बालू की कमी से सरकारी और निजी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। सबसे ज्यादा परेशानी प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को हो रही है, जो अपना पुराना आवास तोड़कर नया बना रहे हैं। बालू उपलब्ध न होने से निर्माण कार्य पूरी तरह रुक गया है। यूनियन ने कहा कि जून से 15 अक्टूबर तक एनजीटी के आदेश के कारण बालू उठाव बंद था। 15 अक्टूबर के बाद उठाव शुरू हुआ, लेकिन अचानक रोक लगने से विकास कार्य और आम लोगों की गतिविधियाँ बाधित हो रही हैं। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से बालू उठाव को जल्द शुरू कराने की मांग की, ताकि आवास निर्माण कार्य समय पर पूरा हो सके और लोगों को ठंड के मौसम में परेशानी न हो।
सड़क जाम की सूचना मिलते ही सीओ संजय कुमार सिन्हा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार और थाना प्रभारी रवि शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर चार घंटे बाद जाम समाप्त करवाया। जाम के कारण सड़क पर लंबी वाहनों की कतारें लग गईं और लोगों को काफी परेशानी हुई। इस दौरान मनोज यादव, सुजीत यादव, विजय भगत, रोहन तुरी, लोचन यादव, सुमन यादव, लक्ष्मण साहा, राकेश यादव, गौतम पाल, अजय भगत सहित दर्जनों यूनियन सदस्य और ग्रामीण मौजूद थे।
.jpeg)