नंदलाल तुरी
आगामी त्योहारों धनतेरस, दिवाली और छठ पूजा के मद्देनज़र पाकुड़ जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इन निर्देशों के अंतर्गत नगर परिषद क्षेत्र एवं प्रमुख सड़कों पर कई मार्गों को वन-वे घोषित किया गया है तथा कुछ समयावधि के लिए भारी वाहनों के प्रवेश और निकास पर रोक लगाई गई है। प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार, 18 अक्टूबर से 20 अक्टूबर और 27 अक्टूबर से 28 अक्टूबर दोपहर 12 बजे तक, कुछ प्रमुख मार्गों को वन-वे घोषित किया गया है। यह निर्णय त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए लिया गया है।
मुफस्सिल थाना रेलवे फाटक होकर आने वाले तथा पाकुड़ कोर्ट मुख्य सड़क से हिरणपुर, बरहरवा, लिट्टीपाड़ा, महेशपुर की ओर जाने वाले सभी तीन पहिया, चार पहिया एवं अन्य वाहन खुदीराम बोस चौक, हरिण चौक, अंबेडकर चौक होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। रेलवे स्टेशन एवं गांधी चौक से आने वाले तीन पहिया, चार पहिया एवं अन्य वाहन, जिनका गंतव्य हाटपाड़ा (पाकुड़), नगर थाना, व्यवहार न्यायालय, उपायुक्त आवास आदि है, वे गांधी चौक, तांतीपाड़ा, बिरसा चौक के रास्ते इन स्थलों तक जाएंगे।
उपायुक्त आवास चौक, व्यवहार न्यायालय, नगर थाना और अंबेडकर चौक से मुफस्सिल थाना एवं चांदपुर, पश्चिम बंगाल की ओर जाने वाले सभी छोटे वाहन हरिण चौक, गांधी चौक, खुदीराम बोस चौक, रेलवे फाटक होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। शहर में भारी एवं व्यवसायिक वाहनों के लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं। 18 से 20 अक्टूबर तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक इन वाहनों का प्रवेश और निकास निषेध रहेगा। इसी प्रकार, 27 अक्टूबर सुबह 6:00 बजे से 28 अक्टूबर दोपहर 2:00 बजे तक भारी वाहनों का शहर में आना-जाना पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।
तीन पहिया, चार पहिया एवं अन्य छोटे वाहनों के लिए ठहराव स्थलों की भी व्यवस्था की गई है। सर्किट हाउस चौक और डीसी आवास चौक के रास्ते शहर के पूजा पंडालों की ओर आने वाले आम लोगों के लिए सिद्धो कान्हु पार्क के समीप पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।ओवरब्रिज, सुभाष चंद्र बोस चौक (पियादापुर) एवं मालपहाड़ी मार्ग से आने वाले छोटे वाहन स्कूल के मैदान में पार्क किए जाएंगे ताकि मुख्य सड़कों पर भीड़-भाड़ कम रहे।
मुफस्सिल थाना से रेलवे स्टेशन, रेलवे फाटक और हरिण चौक की ओर आने वाले छोटे वाहनों का ठहराव विवेकानंद चौक के पास सुनिश्चित किया गया है। बड़हरवा एवं अन्य मार्गों से आने वाले वाहन तथा मुफस्सिल थाना के रास्ते पश्चिम बंगाल जाने वाले वाहन किताझोर चौक, के.के.एम. कॉलेज, ईशाकपुर रेलवे फाटक, मालगोदाम रोड होते हुए चांचकी के रास्ते पश्चिम बंगाल की ओर प्रस्थान करेंगे। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे जारी वन-वे और नो-एंट्री निर्देशों का पालन करें। यह कदम त्योहारों के दौरान यातायात को सुव्यवस्थित करने और किसी भी प्रकार की दुर्घटना या असुविधा से बचाव के उद्देश्य से उठाया गया है।
