logo

पलामू में दर्दनाक हादसा: बिजली मरम्मत के दौरान मिस्त्री की करंट लगने से मौत

मपदे.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पलामू जिले के नावाबाजार थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में बिजली मिस्त्री की जान चली गई। मृतक की पहचान तुकबेरा गांव निवासी 40 वर्षीय नागेंद्र पासवान के रूप में हुई है। घटना शुक्रवार रात की बताई जा रही है, जिसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम आई तेज आंधी और बारिश के कारण 33 हजार वोल्ट की बिजली लाइन में खराबी आ गई थी, जिससे तुकबेरा-पाटन क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। इसी खराबी को ठीक करने के लिए नागेंद्र पासवान को पाटन मोड़ के पास मरम्मत कार्य के लिए भेजा गया था। रात करीब 8 बजे वह खंभे पर चढ़कर काम कर रहे थे।


प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, मरम्मत कार्य शुरू करने से पहले ग्रिड से शटडाउन लिया गया था। बावजूद इसके, काम के दौरान अचानक बिजली प्रवाहित होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि आकाशीय बिजली गिरने के कारण तार में अचानक करंट दौड़ गया, जिसकी चपेट में आने से नागेंद्र पासवान को तेज झटका लगा। करंट लगते ही वे खंभे से नीचे गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग और परिजन तुरंत उन्हें इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।


इस हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर है। शनिवार को बिजली विभाग के अधिकारी अस्पताल पहुंचे और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। ग्रामीण एसडीओ विकास कुमार ने बताया कि आंधी-पानी के कारण आई तकनीकी खराबी को ठीक करने के दौरान यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि विभागीय प्रावधानों के तहत मृतक के परिजनों को मुआवजा दिया जाएगा। घटना के बाद बिजली विभाग की सुरक्षा व्यवस्था और कार्य प्रणाली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।