पलामू
पलामू जिले के रेहला थाना क्षेत्र अंतर्गत रेहला–पड़वा मार्ग पर पीपरा-कधवन के पास आज एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूली बस को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बस के खलासी की दबकर मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
अधूरी सड़क और गलत डायवर्जन बना हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब बस बच्चों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे हाईवा (ट्रक) ने बस को टक्कर मार दी, जिससे खलासी गंभीर रूप से दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने इस हादसे के लिए अधूरी सड़क निर्माण को जिम्मेदार ठहराया है। लोगों का कहना है कि एनएचएआई द्वारा सड़क निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया है और कई जगहों पर रोड को डायवर्ट कर दिया गया है, जिससे वाहन चालकों को सही दिशा का पता नहीं चल पाता। यही कारण है कि इस मार्ग पर लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने जल्द सड़क निर्माण पूरा करने की उठाई मांग
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और एनएचएआई से जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य पूरा करने और उचित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।