द फॉलोअप डेस्क
रामगढ़ जिला के उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज की पहल पर जिला प्रशासन ने ट्रांसजेंडर समुदाय को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए “ट्रांस कैफे” का उद्घाटन किया। यह कैफे छत्तरमांडू स्थित मौलाना अबुल कलाम आजाद पार्क में फीता काटकर औपचारिक रूप से शुरू किया गया। यह कैफे पूरी तरह ट्रांसजेंडर समुदाय द्वारा संचालित होगा। इसका मकसद न केवल उन्हें सम्मानजनक रोजगार और स्वरोजगार के अवसर प्रदान करना है, बल्कि समाज में उनकी सक्रिय भागीदारी और स्वावलंबन को भी बढ़ावा देना है। कई बार ट्रांसजेंडर समुदाय को समाज में भेदभाव और तिरस्कार का सामना करना पड़ता रहा है, ऐसे में यह पहल उनके लिए सम्मान के साथ जीने का एक वास्तविक माध्यम साबित होगी।

उपायुक्त ने उद्घाटन अवसर पर कहा कि ट्रांसजेंडर समुदाय की प्रतिभा और मेहनत को सही अवसर मिलने पर वे समाज में सकारात्मक योगदान दे सकते हैं। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे “हर कप के साथ एक सपने को समर्थन” अभियान में शामिल होकर इस पहल को सफल बनाएं। यह अभियान न केवल रोजगार का माध्यम है, बल्कि ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को समाज में सम्मान और स्वीकार्यता दिलाने का भी एक जरिया है।

जिला प्रशासन ने इस पहल के लिए झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी और किन्नर उत्थान समिति के सहयोग से इसे क्रियान्वित किया है। इस कैफे में रोजगार के अवसर देने के साथ-साथ उन्हें ग्राहक सेवा, कैफे संचालन और स्वरोजगार के बारे में प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इस पहल से ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों को समाज में आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा और उनके प्रति सामाजिक दृष्टिकोण में सकारात्मक बदलाव आएगा। अब वे मुख्यधारा में शामिल होकर सम्मान के साथ अपनी प्रतिभा और मेहनत दिखा सकते हैं। प्रशासन का मानना है कि इस तरह की पहल समाज में समानता, सम्मान और सहयोग की भावना को बढ़ावा देती है।
.jpeg)
ट्रांस कैफे के माध्यम से यह संदेश भी जाता है कि समाज में हर व्यक्ति को अवसर और सम्मान मिलना चाहिए, चाहे वह किसी भी पहचान या लैंगिक पहचान का हो। यह कदम रामगढ़ में ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड में ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए उम्मीद की किरण साबित होगा।