logo

रिम्स 2 विवाद : कल से हर गांव में बजेगा डुगडुगी, 10 दिन में नगड़ी में होगा आदिवासियों का महाजुटान – चंपाई सोरेन 

CHAM006.jpg

रांची 
पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा चंपाई सोरेन ने शनिवार को रांची में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि रिम्स 2 के विरोध में हर गांव में डुगडुगी बजेगा और नगड़ी में आदिवासियों को महाजुटान होगा। कहा कि झारखंड अलग होने के बाद आदिवासियों की दुख भरी बात अब बताई जाएगी। उन्होंने कहा कि भारत को आज़ाद करने के लिए अंग्रेजों से लड़ना पड़ा, लेकिन उसके बाद भी झारखंड के आदिवासियों और मूलवासियों की समस्याएं समाप्त नहीं हुईं। चंपाई सोरेन ने कहा कि उस समय झारखंड में विस्थापितों का सिलसिला शुरू हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि HEC के कारण मूलवासी उजड़ गए, जबकि HEC मात्र 500 एकड़ में बना। उन्होंने सवाल उठाया कि रांची में कितने गांव उजड़ गए और उनके लोगों का क्या हुआ। उन्होंने कहा कि उस समय की सरकार हो या आज की अबुआ सरकार, किसी ने भी आदिवासियों के हितों पर ध्यान नहीं दिया।

ये लगाया आरोप 
उन्होंने कहा कि तीन विधानसभा क्षेत्रों में केवल नगड़ी का इलाका बचा था, लेकिन उसे भी नहीं छोड़ा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के घमंड में सरकार ने ग्रामीणों से बिना बात किए रिम्स-2 का काम शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि यहां तक कि भूमि पूजन भी नहीं हुआ और यह स्पष्ट नहीं किया गया कि भूमि अधिग्रहण की आखिर प्रक्रिया क्या है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि नगड़ी गांव में चूल्हा जलना बंद हो गया है और ग्रामीणों को भूमिहीन कर दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अबुआ सरकार ने हद पार कर दी है और यह आदिवासी विरोधी सरकार है। उन्होंने कहा कि इसके खिलाफ वहां के परिवार कोर्ट जाएंगे। चंपाई सोरेन ने कहा कि कल से 10 दिन के अंदर लाखों आदिवासी वहां जुटेंगे, जितना लोगों ने सोचा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि वहां जो फोर्स तैनात है, वह भी मजदूर और किसान का बेटा होगा। उन्होंने कहा कि उनके राइफल में कितना ताकत है, यह भी देखा जाएगा।

JMM, कांग्रेस और RJD की सरकार को आंदोलन का सामना करना पड़ेगा
चंपाई ने भूमि अधिग्रहण अधिनियम का उल्लेख करते हुए पूछा कि आखिर कानून क्या कहता है। उन्होंने कहा कि सुनने में आ रहा है कि इस इलाके में अधिग्रहण किया जा रहा है और सवाल यह है कि क्या इस क्षेत्र से रेवेन्यू विलेज खत्म हो जाएगा। चंपाई सोरेन ने कहा कि जन आंदोलन ही एक विकल्प है। उन्होंने घोषणा की कि कल से हर गांव में डुगडुगी बजेगी तथा एक मुठी चावल और दस-दस रुपये जमा किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कल के बाद किसी भी दिन वहां लाखों आदिवासी पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि JMM, कांग्रेस और RJD की सरकार को बड़े जन आंदोलन का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने सवाल किया कि क्या रांची में जन्म लेना गुनाह है। साथ ही उन्होंने स्मार्ट सिटी परियोजना पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर स्मार्ट सिटी में कौन बसेगा। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर सरकार को शर्म करनी चाहिए।

Tags - Tribal Mega Gathering Nagri Champai Soren RANCHI