logo

लातेहार : जंगली सुअर के हमले में घायल हुआ आदिवासी युवक, गांव वालों के बहकावे में हॉस्पिटल से भागा

junglisuar.jpg

गोपी, लातेहार: 

लातेहार के गारू प्रखंड के कोटाम पंचायत निवासी शिव रत्न सिंह जंगली सुअर के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल शिव रत्न सिंह को परिजनों की मदद से हेतु गारू रेफरल अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए लातेहार सदर अस्पताल रेफर कर दिया। इस संबंध में शिव रत्न सिंह ने बताया कि वो घर के पास ही शौच के लिए गया था। तभी अचानक जंगली सुअर ने हमला कर दिया। हमले में रत्न सिंह को गंभीर चोट लगी। 

वन विभाग ने इलाज के लिए 10 हजार दिए
घायल रत्न सिंह ने बताया कि उसका घर जंगल से सटा हुआ है। पहले इस तरह की घटना कभी नहीं हुई थी। यह पहली घटना है। इधर घटना की जानकारी मिलते ही अनुसूचित जनजाति के जिला अध्यक्ष मंगल उरांव ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वन विभाग से इलाज हेतु 10 हजार मदद के तौर पर दिलवाया, जबकि गुरुवार की देर शाम मंगल उरांव ने पीड़ित के घर जाकर उनसे हाल जाना।

बात-चीत के क्रम में पता चला कि बग़ैर इलाज कराये ही शिवरतन समेत उनके परिजन सदर अस्पताल से भागकर घर आ गये है। परिजनों ने जो कारण बताया वो हैरान करने वाला है। 

किडनी निकाल लिए जाने की अफवाह फैलाई
जानकारी के मुताबिक शिव रत्न को गांव के ही कुछ लोगो ने इस भ्रम में डाल दिया कि यहां किडनी निकाल ली जायेगी। इस डर से सभी लोग अस्पताल से भागकर घर आ गए जबकि शिवरतन की स्थिति दिन पर दिन खराब होती जा रही है। इधर इस मामले की जानकारी तत्काल मंगल उरांव ने डीएफओ मुकेश कुमार को दी।

मुकेश कुमार ने शिव रत्न से फोन पर बात-चीत कर उसका हालचाल जाना और यह विश्वास दिलाया कि अस्पताल में इस तरह की चीजें नही होती है। अगर इस तरह का कभी भी संदेह होता है तो तत्काल इसकी जानकारी डीसी औऱ एसपी को दें। सभी का कार्यालय वही पास में ही है।

डीएफओ मुकेश कुमार ने हॉस्पिटल जाने की सलाह दी
डीएफओ मुकेश कुमार ने शिव रत्न को इलाज के लिए अस्पताल जाने की सलाह दी है। उन्होंनेकहा जंगल मे कई तरह के खतरनाक जानवर हैं। लोगो को जंगल मे जाने से परहेज करना चाहिए, लेकिन ग्रामीण इन चीजों को दरकिनार कर अक्सर लापरवाही करते हुए जंगल मे प्रवेश करते हैं। लिहाजा इस तरह की घटना हो जाती है। वन विभाग की तरफ से शिव रत्न को 10 हजार रुपए इलाज हेतु दिया गया है।