logo

इधर मां ने किया जितिया व्रत, उधर मौत के मुंह से बच निकले भैरवी नदी में बहे 2 लड़के

vhairvi.jpg

रामगढः
रामगढ़ जिले में रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर स्थित भैरवी नदी के तेज बहाव में 2 युवक बह गये। दोनों बिहार के पटना के रहने वाले हैं। दामोदर भैरवी संगम स्थल के पास दोनों ने किसी तरह एक पत्थर को पकड़ कर अपनी जान बचाई। इसके बाद उसी चट्टान में खड़े होकर जान बचाने के लिए चिल्लाने लगे। मंदिर न्यास समिति के पुजारी ने उन्हें देख लिया इसके बाद दोनों युवकों को सकुशल नदी की तेजधार से बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि पटना से श्रद्धालुओं की एक टोली शनिवार को मां छिन्नमस्तिका के दर्शन करने के लिए पहुंची थी। उसी में से एक युवक भैरवी नदी में नहाने के लिए चला गया और उसका पैर फिसल गया। वह बहने लगा। दोस्त को डूबता देखकर युवक उसे बचाने के लिए नदी में कूद गया और दोनों तेज बहाव की चपेट में आ गये। 


थोड़ी भी चूक होती तो बह जाते दोनों 
स्थानीय लोगों के साथ मिलकर मंदिर के पुजारी ने एकता का परिचय देते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। इसी बीच रस्सी के सहारे स्थानीय युवक पिंटू भैरवी नदी की तेज धार में दोनों युवकों के पास पहुंचे।  एक-एक करके दोनों को रस्सी से बांधकर भैरवी नदी की तेज धार से निकालकर बाहर ले आए। उनके सकुशल बाहर आने पर वहां मौजूद लोगों ने इतना जरूर कहा कि इनकी माताओं ने दोनों के लिए जितिया का व्रत किया होगा तभी मां के आशीर्वाद से दोनों की जान बच गयी। दोनों की पहचान मनीष और अभिषेक के रूप में हुई। बचाने वाले लोगों ने कहा कि अगर थोड़ी सी चूक हुई होती तो दोनों बह जाते। मंदिर न्यास समिति और पुलिस प्रशासन की तरफ से अक्सर कहा जाता है कि बीच नदी में जाकर स्नान ना करें लेकिन फिर भी श्रद्धालु बात नहीं मानते हैं।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N