logo

गंगा में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत, होली मनाने मुंबई से लौटे थे परिवार के साथ

ेोुो2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
साहिबगंज जिले के राजमहल थाना क्षेत्र के मोकीमपुर पंचायत स्थित सरकंडा गांव में गंगा नदी में डूबने से एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। दोनों बच्चे सगे भाई थे और गुरुवार शाम से लापता बताए जा रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि दोनों भाई नहाने के लिए गंगा नदी में उतरे होंगे और इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने से उनकी डूबकर मौत हो गई। मृत बच्चों की पहचान सेंटू चौरसिया के पुत्र आर्यन कुमार (8) और राघव कुमार (6) के रूप में हुई है। बच्चों के पिता सेंटू चौरसिया ने बताया कि वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ पिछले तीन वर्षों से मुंबई में रह रहे थे। होली का त्योहार मनाने के लिए करीब तीन साल बाद वह परिवार के साथ अपने गांव सरकंडा लौटे थे।


बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम दोनों बच्चे अचानक लापता हो गए। परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से भी बच्चों की तलाश की गई, लेकिन देर रात तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। इस बीच किसी व्यक्ति ने गंगा नदी के किनारे बच्चों के कपड़े और चप्पल पड़े देखे, जिसके बाद लोगों ने नदी में डूबने की आशंका जताई। सूचना मिलने पर पुलिस को जानकारी दी गई और गंगा नदी में खोजबीन शुरू की गई। हालांकि देर रात तक पुलिस और ग्रामीणों की मौजूदगी में खोज अभियान चलाने के बावजूद बच्चों का पता नहीं चल पाया।


शुक्रवार सुबह गंगा नदी में एक बच्चे का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। शव मिलने की खबर फैलते ही गंगा तट पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। इसके बाद गोताखोरों की मदद से दूसरे बच्चे का शव भी नदी से बरामद कर लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही राजमहल थाना पुलिस के एएसआई सिकंदर तिर्की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए राजमहल भेज दिया। दोनों बच्चों की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। वहीं बच्चों की मां प्रियंका देवी शव से लिपटकर बिलखती रही, जिससे मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।