द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र स्थित जेल चौक में गुरुवार की सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। सुबह लगभग 11:30 बजे पुराना कोर्ट और लाइफ लाइन की ओर से आ रही टाटा की दो फोर-व्हीलर गाड़ियाँ आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर में दोनों वाहनों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इस घटना में दो महिलाओं और एक वाहन चालक को हल्की चोटें आईं।
घटना के संबंध में भुक्तभोगी भुइयांडीह के नीतिबाग कॉलोनी निवासी मोहित सामंत ने बताया कि वे अपनी पत्नी प्रियंका सामंत के साथ नेक्सन कार से जेल चौक मार्ग होकर साकची की ओर जा रहे थे। इसी दौरान आबकारी थाना के पास सामने से तेज रफ्तार और अनियंत्रित टियागो कार ने उनकी गाड़ी को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर के समय दोनों कारों के एयरबैग खुल गए, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। इसके बावजूद झटका इतना जोरदार था कि मोहित और उनकी पत्नी कुछ समय के लिए बेहोश हो गए। बाद में होश आने पर पता चला कि प्रियंका को हल्की चोट आई है, जिनका इलाज अस्पताल में कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टियागो कार पश्चिम बंगाल की थी और अत्यधिक तेज गति से आ रही थी। ऐसा प्रतीत हो रहा था कि चालक को झपकी आ गई थी। इस दुर्घटना में टियागो कार के चालक और पीछे बैठी महिला को भी हल्की चोटें आईं। लोगों का कहना है कि यदि दोनों कारों के एयरबैग नहीं खुलते, तो यह हादसा गंभीर रूप ले सकता था।
