द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिला बैडमिंटन एसोसिएशन की ओर से आयोजित दो दिवसीय सब-जूनियर बैडमिंटन प्रतियोगिता 2025 का शुभारंभ शनिवार को इनडोर स्टेडियम में किया गया। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के नगर विकास व खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, गिरिडीह उपायुक्त रामनिवास यादव, एसडीएम श्रीकांत यशवंत बिशपुते, एसोसिएशन अध्यक्ष दिनेश प्रसाद यादव और उपाध्यक्ष डॉ. शैलेंद्र कुमार चौधरी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन से युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। साथ ही जिले और राज्य को खेल के क्षेत्र में नई पहचान भी मिलती है। उन्होंने भरोसा जताया कि गिरिडीह से कई खिलाड़ी भविष्य में राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे।
प्रतियोगिता संचालन में नागेंद्र कुमार, विकास रंजन, रोहित श्रीवास्तव, नीतीश नंदन, अभिषेक कुमार, रोशन कुमार समेत एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी व सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, खिलाड़ी और अभिभावक भी उपस्थित थे। बताया गया कि इस प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के दर्जनों सब-जूनियर खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। अगले दो दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता के जरिए खिलाड़ियों को न केवल खेल का अनुभव मिलेगा, बल्कि उन्हें बड़े मंच तक पहुँचने का भी अवसर मिलेगा।
