जामताड़ा
जामताड़ा जिले से किशोरियों की सुरक्षा और ऑनलाइन दोस्ती के खतरों को उजागर करने वाला एक मामला सामें आया है. मामले की शुरुआत तब हुई, जब मिहिजाम थाना क्षेत्र से दोनों बहनें अचानक लापता हो गईं. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने प्रारंभ में इसे अपहरण का मामला मानते हुए जांच शुरू की. थाना प्रभारी प्रदीप राणा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. तकनीकी सर्विलांस और मोबाइल लोकेशन के जरिए पता चला कि दोनों लड़कियां लुधियाना में हैं. इसके बाद पदाधिकारी गुलशन कुमार की टीम ने लुधियाना के डिवीजन थ्री थाना क्षेत्र के न्यू शिवाजी नगर में छापेमारी कर दोनों को सुरक्षित बरामद कर लिया और मौके से राकेश कुमार पोद्दार (19 वर्ष) को गिरफ्तार किया.
इंस्टाग्राम का प्यार ले गया लड़कियों को लुधियाना
जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि मामला फिरौती या जबरन अपहरण का नहीं, बल्कि सोशल मीडिया के माध्यम से शुरू हुए प्रेम संबंध का था. बड़ी बहन की दोस्ती इंस्टाग्राम पर राकेश से हुई थी, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई. 19 अप्रैल को वह अपनी छोटी बहन के साथ घर से निकली और आसनसोल पहुंची, जहां राकेश पहले से मौजूद था. इसके बाद वह दोनों को अपने साथ लुधियाना ले गया, जहां वह एक निजी दुकान में लगभग 16,000–17,000 रुपये मासिक वेतन पर काम करता है.
जेल भेजा गया राकेश कुमार पोद्दार
गिरफ्तार युवक राकेश कुमार पोद्दार मूल रूप से बिहार के दरभंगा का निवासी है. पुलिस ने उसके खिलाफ कांड संख्या 20/26 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दोनों बहनों को सुरक्षित वापस लाया जा सका, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया. यह घटना अभिभावकों को अपने बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता की याद दिलाती है.