द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के देवरी थाना क्षेत्र में बीते शनिवार एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई। घटना चतरो–गावां मेन रोड में घासीडीह गांव के पास का बताया जा रहा है। जहां एक कार और ट्रक के बीच हुई सीधी टक्कर में जीजा-साला समेत तीन युवकों की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक की जान अस्पताल ले जाने दौरान चली गई। मृतकों की पहचान देवरी थाना क्षेत्र के परसाटांड़ पतरवा गांव निवासी 23 वर्षीय मनीष कुमार साव, मारुडीह गांव निवासी 25 वर्षीय विकास साव और पतरवा गांव निवासी 23 वर्षीय कैलाश साव के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि कैलाश और विकास रिश्ते में जीजा-साला थे।
मिली जानकारी के मुताबिक ट्रक अपनी साइड में सही तरीके से जा रहा था। इसी क्रम में कार सवार युवक अनियंत्रित होकर रॉन्ग साइड में चला गया और ट्रक से जा टकराया। हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल कैलाश साव को इलाज के लिए समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गिरिडीह रेफर कर दिया। हालांकि गिरिडीह ले जाने के दौरान रास्ते में ही युवक की मौत हो गई। 
घटना की सूचना मिलते ही देवरी थाना प्रभारी सोनू कुमार साहू, भेलवाघाटी थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार, देवरी थाना के एएसआई बुद्धदेव उरांव, उपेंद्र यादव सहित पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच में जुट गए। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई।.jpeg)
बताया जा रहा है कि तीनों युवक कोलकाता में रहकर मजदूरी करते थे और हाल ही में मकर संक्रांति के मौके पर अपने घर आये थे। शनिवार को वे सिरनाटांड़ स्थित पेट्रोल पंप से डीजल भरवाकर अपने पतरवा स्थित घर लौट रहे थे, इसी दौरान यह भीषण हादसा हो गया। घटना के बाद परिजनों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है वहीं परिवार वालों को भी रो-रोकर बुरा हाल है।